200 रुपए ने रातों-रात बनाया करोड़पति, सिक्योरिटी गार्ड के खाते में आए डेढ़ करोड़
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 04:17 PM (IST)
मोहाली: मोहाली के जीरकपुर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति की किस्मत उस समय चमक गई जब उसने लॉटरी में डेढ़ करोड़ रुपए का पहला इनाम जीत लिया।
जानकारी के अनुसार जिला पंचकूला की तहसील रायपुर रानी के गांव मौली निवासी कपिल ने Punjab State Lottery की 200 रुपए की टिकट खरीदी थी। इस टिकट पर उनका 1.5 करोड़ रुपए का इनाम निकल आया। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले कपिल के लिए यह जीत किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह इतनी बड़ी रकम जीत जाएंगे। लॉटरी निकलने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और रिश्तेदारों व परिचितों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
कपिल के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि यह टिकट उन्होंने जीरकपुर स्थित लोकेश लॉटरी एजेंसी से खरीदी थी। वहीं एजेंसी के मालिक लोकेश कुमार ने बताया कि उनकी एजेंसी से लॉटरी टिकट खरीदकर कपिल देव 30वें व्यक्ति हैं, जो करोड़पति बने हैं। इससे पहले भी 29 लोग उनकी एजेंसी से टिकट खरीदकर बड़ा इनाम जीत चुके हैं।

