Year Ender: कड़वी यादों वाला रहा साल 2019,बुझे कई घरों के चिराग

punjabkesari.in Saturday, Dec 21, 2019 - 12:57 PM (IST)

जालंधर: नया साल आने को अब कुछ दिन ही बाकी रह गए। पर हमारे लिए 2019 कुछ कड़वी यादें छोड़कर जा रहा है। इस साल में पंजाब में कभी न भूलने वाले हादसे घटित हुए,जिनमें कई कीमती जानें गई। आज'पंजाब केसरी'आपको 2019 में पंजाब में घटिट उन दिल दहलाने वाले हादसों के बारे में बताने जा रहा है, जिनको आसानी से नहीं भुलाया जा सकता। 

ईसेवाल में सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने इंसानियत को किया शर्मसार  

फरवरी में लुधियाना में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना घटित हुई थी। ईसेवाल में 12 व्यक्तियों की तरफ से एक लड़की को बंधक बना कर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के पास पीड़िता ने दर्ज करवाए बयानों में 10 व्यक्तियों का जिक्र किया था। पीड़िता ने बताया था कि 11 फरवरी की रात को वह अपने दोस्त के साथ कार में जा रही थी। गांव ईसेवाल के पास सुनसान जगह पर 2 मोटरसाइकिलों पर मौजूद कुछ व्यक्तियों ने कार की तोड़-फोड़ कर दोनों को बंधक बना लिया और ईसेवाल पुल नहर के पास चार दीवारी प्लाट के अंदर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। 

 
बेरोवाल में गिरे फतेहवरी की नहीं बच सकी थी जान

पंजाब में सबसे दुखद घटना संगरूर में घटित हुए। यहां बेरोवाल में गिरने से 2 साल के मासूम फतेहवीर की मौत हो गई। संगरूर जिले में 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे 2 वर्षीय फतेहवीर सिंह को करीब 110 घंटे बाद मृत अवस्था में बेरोवाल से बाहर निकाला गया था। बेशक नन्हा फतेहवीर इस दुनिया को अलविदा कह गया परन्तु अपने पीछे कई सवाल भी छोड़ गया।

डिप्रेशन का शिकार युवक ने परिवार को मारने के बाद कर ली थी खुदकुशी

मोगा के गांव नत्थूवाला गरबी में एक नौजवान की तरफ से अपने परिवार के 5 सदस्यों को मौत के घाट उतारने  खुदकुशी करने की घटना ने सबको झिंजोड़ कर रख दिया था। घटना को अंजाम देने वाले नौजवान संदीप उर्फ सन्नी की तरफ से 17 पेजों का एक सुसायड नोट भी लिखा था। इसमें उसने हत्याकांड के पीछे के कारणों का खुलासा किया था। सुसाइड नोट से पता चला था कि वहमों-भ्रमों का शिकार संदीप डिप्रेशन में चला गया था। 

पंजाब में बाढ़ का कहर

भारी बारिश और भाखड़ा बांध से पानी छोड़ने के कारण पंजाब के कई जिलों मेंबाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इनमें रोपड़, नवांशहर, जालंधर, कपूरथला,फिरोजपुर,पटियाला तथा संगरूर शामिल थे। पंजाब सरकार के मुताबिक बाढ़ के कारण राज्य में 1700 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ। कई गांवों में स्थिति इतनी भयानक हो गई थी कि सेना को हैलीकाप्टर द्वारा लोगों तक खाना पहुंचाना पड़ा।  बाढ़ ने लाखों एकड़  फसल बर्बाद कर दी जबकि 61 हजार पशु प्रभावित हुए।

बटाला पटाखा फैक्टरी धमाका 

यहां एक तरफ बटाला गुरु नानक देव जी के विवाह की तैयारियों में व्यस्त था, वहीं बटाला-जालंधर रोड पर  रिहायशी इलाके में स्थित पटाखा फैक्टरी में जबरदस्त धमाका हुआ था। इस धमाके में कई व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी । इस कारण आस-पास के घरों और दुकानों को भी काफी नुक्सान पहुंचा था। धमाके के कारण फैक्टरी पूरी तरह धाराशायी हो गई।  

तरनतारन बम धमाका

4 सितम्बर की रात को तरनतारन के गांव पंडोरी गोला में एक खाली प्लाट में हुए धमाके में विक्रमजीत सिंह और हरप्रीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि गुरजंट सिंह उर्फ जंटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस धमाके ने स्थानीय पुलिस के साथ ही खुफिया एंजैसियों की नींद उड़ा कर रख दीं थीं। पुलिस ने इस मामले में  गुरजंट सिंह जंटा सहित 8 युवकों को गिरफ्तार किया था,जिनके निशाने पर धार्मिक डेरे और कुछ वी.वी.आई.पी. व्यक्ति थे। 

नहर में कार गिरने से 6 की गई थी जान

फाजिल्का जिले में कार के नहर में गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा गांव जंडवाला मीरा सांगला के नजदीक घटित हुई थी।  कार में 8 लोग सवार थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर गंग नहर में जा गिरी। इस हादसे में मारे गए लोगों में 4 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल थे । कार चालक पानी के तेज बहाव में बह गया था।  इस हादसे में एक व्यक्ति किसी तरह कार का शीशा तोड़ कर बाहर निकला था। 

swetha