22 जून को लेकर हुआ ऐलान, सफर करने वाले ध्यान से पढ़ लें खबर

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 12:06 PM (IST)

चंडीगढ़ (मनप्रीत): आजाद किसान मोर्चा पंजाब (ए.के.एम. पंजाब) द्वारा किसानों और आम लोगों के मसलों को लेकर विशाल किसान महापंचायत करने का ऐलान किया है। सुल्तानपुर लोधी में हुई जत्थेबंदी की अहम मीटिंग के दौरान, किसान नेताओं ने 22 जून को मोगा जिले के कड़ाहेवाला टोल प्लाजा को फ्री रखने और सीनियर नेता सुख गिल मोगा के खिलाफ दर्ज केस तुरंत रद्द करने की मांग की है।  

नछत्तर सिंह दोसांझ, सतनाम सिंह हरिके और गुरदीप सिंह भंडाल की प्रधानगी में हुई इस मीटिंग की कार्रवाई सुख गिल मोगा ने चलाई। मीटिंग के दौरान किसान नेताओं ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को सही मुआवजा मिले और जिसका खेत, उसकी रेत नपॉलिसी को फिर से लागू करके किसानों को अपने खेतों से रेत इकट्ठा करने की इजाजत दी जाए। 

इसके साथ ही पंजाब के सेवा केंद्रों के कर्मचारियों की लंबे समय से अटकी मांगों को जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। ए.के.एम. पंजाब के सीनियर नेता सुख गिल मोगा पर कौमी इंसाफ मोर्चा दिल्ली के विरोध मार्च में शामिल होने पर दर्ज केस का कड़ा विरोध करते हुए नछत्तर सिंह दोसांझ ने कहा कि सरकार इस केस को तुरंत रद्द करे नहीं तो संगठन बड़े स्तर पर संघर्ष करेगा।

गुरदीप सिंह भंडाल ने प्राइवेट स्कूलों में काम करने वाली मेड, हेल्परों और ड्राइवरों के आर्थिक और मानसिक शोषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि इन वर्करों की सैलरी बढ़ाई जाए और प्राइवेट स्कूलों द्वारा सरकारी नियमों का उल्लंघन सख्ती से रोका जाए। खेती-बाड़ी के मुद्दों पर चर्चा करते हुए नेताओं ने कोऑपरेटिव सोसाइटियों और पेस्टीसाइड की दुकानों द्वारा किसानों को जबरन नैनो फर्टिलाइजर बेचने की प्रथा को तुरंत खत्म करने और यूरिया और डी.ए.पी. फर्टिलाइजर की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि 4 मई को किसानों की मांगों के समर्थन में पंजाब में तीन घंटे के लिए टोल प्लाजा फ्री किए गए थे। उस समय कड़ाहेवाला टोल प्लाजा के प्रबंधकों ने पुलिस के साथ मिलकर किसानों के साथ बुरा बर्ताव किया और कई नेताओं को जबरदस्ती हिरासत में लिया गया था। इस धक्केशाही के विरोध में और किसानों में पाए जा रहे रोष के चलते अब 22 जून को कड़ाहेवाला टोल प्लाजा पूरे दिन के लिए पूरी तरह फ्री रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सभी किसानों और लोगों की मांगों को लेकर अगस्त के पहले हफ्ते में होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान और आम लोग हिस्सा लेंगे। इस मौके पर सतनाम सिंह हरिके, मनप्रीत सिंह चाहल, रणजीत सिंह मल्ली, सुख मल्ली, सुरजीत सिंह, लखवीर सिंह, सज्जन प्रीत सिंह, नरिंदर सिंह, लवप्रीत सिंह और सुखबीर सिंह समेत कई दूसरे बड़े किसान नेता मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News