135 दिनों बाद चली 150 प्राइवेट बसों में 2300 यात्रियों ने किया सफर

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2020 - 08:33 AM (IST)

जालंधर(पुनीत): प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों की ओर से बसें चलाने की संख्या में रोजाना वृद्धि की जा रही है, जिसका जनता को लाभ हो रहा है। 22 मार्च को लगे जनता कर्फ्यू के 135 दिनों बाद वीरवार पहला दिन रहा जब प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों की 150 से ज्यादा बसें अलग-अलग रूटों पर रवाना हुई, जिसमें जालंधर बस अड्डे से 2300 के करीब यात्रियों ने सफर किया।

बस अड्डे से निकल कर रास्ते से बिठाई गई सवारियों की संख्या भी बेहद ज्यादा रही। पंजाब में कर्फ्यू लगने के बाद बसों के पहिए रुक गए थे। इसके बाद सरकार ने मई के अर्ध में बसें चलाने की इजाजत दे दी, जिसके बाद प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों की 30-40 बसें रवाना हो रही थीं और यात्रियों को पंजाब रोडवेज/पनबस की बसों का इंतजार करना पड़ रहा था। वीरवार की बात करें तो प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की बसें चलने की संख्या में एक महीने में 3 गुणा बढ़ौतरी दर्ज की गई है। एक महीने पहले सिर्फ 50 प्राइवेट बसें रवाना हुई थीं। वहीं एक महीने पहले 142 सरकारी बसें चलाईं गई थीं, जबकि अब यह संख्या 204 की गई है। रोडवेज की बसों से विभाग को 1,87,286 रुपए प्राप्त हुए। डीपू-1 की 39, जबकि डीपू-2 की 28 बसें चलाईं गई। वहां यह भी देखने में आया कि जिन लोगों ने मास्क नहीं पहना था, उन्हें कंडकटरों द्वारा टिकट देने से इन्कार कर दिया गया, जिस कारण उनकी बसें भी निकल गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News