खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने वाले पिता-पुत्र सहित 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 02, 2022 - 10:08 AM (IST)

संगरूर (बेदी, विवेक सिंधवानी): जिला पुलिस संगरूर ने शहर में खालिस्तान जिंदाबाद और एस.जे.एफ. के नारे लिखने वाले पिता-पुत्र सहित 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जिला पुलिस प्रमुख मनदीप सिंह सिद्धू ने प्रैस कांफ्रैंस करते हुए बताया कि लोकसभा उपचुनाव के दौरान शहर में खालिस्तान जिंदाबाद और एस.जे.एफ. के नारे लिखकर लोगों में खौफ पैदा करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा स्पैशल टीम का गठन किया गया था।

टीमद्वारा जांच के दौरान बरनाला के गांव हमीदी के रेशम सिंह सहित मनप्रीत सिंह और उसके पिता कुलविंद्र सिंह निवासी पिंडी केहर सिंह वाली लौंगोवाल को गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि तीनों गुरपतवंत सिंह पन्नू के इशारों पर पंजाब और हरियाणा में खालिस्तान जिंदाबाद और एस.जे.एफ. के नारे लिखकर लोगों में दहशत फैलाते थे इसके लिए तीनों पन्नू से पैसे लेते थे। रेशम सिंह चंडीगढ़ में किसी मॉल में बतौर सुरक्षाकर्मी कार्य करता है और कुलविंद्र सिंह उसका साला है। 

उन्होंने बताया कि रेशम सिंह और उसके साथियों से 5 मोबाइल, 5 सिम, 2 मोटरसाइकिल और 3 बोतलें रंग जिससे वे नारे लिखते थे, बरामद हुए हैं। संगरूर की घटनाओं के अलावा इन्होंने करनाल, तकीपुर, गांव केहर सिंह वाली और अन्य कई स्थानों पर नारे लिखे थे। उन्होंने बताया कि रेशम सिंह 2 वर्षों से गुरपतवंत सिंह पन्नू के संपर्क में था जिसको आज बेनकाब करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

Content Writer

Vatika