बंबीहा गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, परमीश वर्मा और गिप्पी ग्रेवाल फिरौती कांड से भी जुड़े तार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 18, 2021 - 11:20 AM (IST)

मोहाली/खरड़(संदीप/शशि) : मोहाली सी.आई.ए. स्टाफ ने दविंदर बंबीहा गिरोह के 3 सदस्यों को खरड़ से गिरफ्तार कर उनसे 2 पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनदीप सिंह, जसविंदर सिंह और अर्शदीप सिंह के तौर पर हुई है।

संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट व अन्य बनती आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया, जहां उनका रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके अन्य साथियों की निशानदेही कर गिरफ्तारियां की जाएंगी। एस.एस.पी. सतिंदर सिंह ने बताया कि 13 अगस्त को खरड़ थाने के एस.एच.ओ. को जानकारी मिली कि गौरव पटियाल उर्फ लक्की और उसका भाई सौरव पटियाल उर्फ विक्की, जसविंदर सिंह और मनदीप सिंह बंबीहा गैंग के सदस्य हैं, जो अवैध हथियारों से लैस रहते हैं।

उनके कई साथी जेल में और कई बाहर हैं, जो आपराधिक गतिविधियां करते रहते हैं। ये फर्जी आई.डी. के आधार पर नंबर जैनेरेट कर सोशल मीडिया पर धमकियां और कत्ल करने के बाद उनकी जिम्मेदारियां लेते हैं। गिरोह के सदस्य विरोधी गिरोह के लोगों को मारकर दहशत का माहौल बनाते थे। ये कारोबारियों को धमकियां देकर उनसे उगाही करते हैं। उस रकम को ये लोग म्यूजिक कंपनी ठग लाइफ व गोल्ड मीडिया में इंवैस्ट करते हैं। ये गैंगस्टर दूसरे गायकों से जबरन कम कीमत पर गाने लेकर अपनी बनाई गई म्यूजिक कंपनियों में चलाते हैं और मोटी कमाई करते हैं।

कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया खट्टू 
पूछताछ के दौरान सामने आया है कि आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ खट्टू हिस्ट्रीशीटर है। उसने 2017 में अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व डिप्टी मेयर मंजीत सिंह सेठी के भतीजे एडवोकेट अमरप्रीत सिंह सेठी का कत्ल किया था। वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। अब वह लक्की के साथ मिलकर बंबीहा गिरोह की मदद करता है। आरोपी जसविंदर से .32 बोर की पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

गिप्पी ग्रेवाल को धमकी देकर मांगे थे 23 लाख
आरोपी अर्शदीप 12वीं तक पढ़ा है। वह गिरोह द्वारा संचालित म्यूजिक कंपनी चलाता है, जिस समय बंबीहा गिरोह ने गायक परमीश से पैसे की मांग की थी उस समय अर्शदीप उस केस में आरोपी पाया गया था। फिर जब सुखप्रीत सिंह की तरफ से गायक गिप्पी ग्रेवाल से 23 लाख रुपए बतौर फिरौती मांगे गए थे तो उस केस में भी अर्शदीप आरोपी था। अब वह गैंगस्टरों के कहने पर उनकी निजी कंपनियों को प्रोमोट करता है।

फायरिंग के आरोपियों को पनाह दी, फिर चला गया दुबई
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनदीप पी.यू. में पढ़ाई करने के समय से गौरव पटियाल का दोस्त था। गायक परमीश वर्मा को दिलप्रीत सिंह बाबा, लक्की पटियाल, सुखप्रीत सिंह द्वारा धमकी देने के बाद पैसे न देने पर उस पर गोली चला दी गई थी। मनप्रीत का नाम इस मामले में आरोपियों को पनाह देने के लिए सामने आने पर वह दुबई चला गया था। हाल ही में कुछ माह पहले ही वह वहां से वापस लौटने के बाद यहां चोरी छिपे रह रहा था। वह गिरोह द्वारा चलाई जा रही म्यूजिक कंपनी के लिए काम कर रहा था। उससे 30 बोर पिस्टल समेत 4 कारतूस बरामद किए गए हैं।

गैंगस्टर चला रहे म्यूजिक कंपनियां, ठग लाइफ के संचालक को किया नामजद
केस की जांच के तहत ही पुलिस ने एक म्यूजिक कंपनी ठग लाइफ के संचालक लुधियाना वासी दपिंदर सिंह को भी नामजद किया है। जांच के दौरान 2 म्यूजिक कंपनियों के अलावा भी कई म्यूजिक कंपनियों के बारे में जानकारी मिली हैं, जिन्हें अलग-अलग गैंगस्टर चला रहे हैं, जिनमें से कुछ भगौड़े चल रहे हैं और कुछ जेल में बंद है। पुलिस ने सभ्याचारक आॢटस्टों से अपील की है कि वह एंटी नैशनल तत्वों द्वारा चलाई जा रही म्यूजिक कंपनियों से दूरी बनाकर रखें, जिससे कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने से बचे रहें।

Content Writer

Vatika