चंडीगढ़ एयरपोर्ट से मार्च में शुरू होंगी ये 3 नई डोमैस्टिक फ्लाइट्स, जानें शैड्यूल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 03, 2021 - 10:19 AM (IST)

चंडीगढ़(लल्लन): चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट से बढ़ रही पैसेंजर्स की संख्या को ध्यान में रखते हुए एयरलाइंस ने मार्च में 3 घरेलू उड़ानें शुरू करने का फैसला किया है। इनकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। चंडीगढ़-देहरादून के अलावा हैदराबाद और कोलकाता के लिए 28 मार्च से उड़ानें शुरू होंगी। ऐसे में चंडीगढ़ एयरपोर्ट से अब रोजाना 38 फ्लाइट्स ऑप्रेट होंगी। 

देहरादून-चंडीगढ़ फ्लाइट 
इंडिगो एयरलाइंस की चंडीगढ़-देहरादून फ्लाइट 28 मार्च से शुरू होगी। यह सप्ताह में 6 दिन उड़ान भरेगी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से यह शाम 6.30 बजे देहरादून के लिए उड़ान भरेगी और शाम 7.30 बजे देहरादून में लैंड करेगी। देहरादून से यह फ्लाइट रात 8 बजे उड़ान भरकर रात 9 बजे चंडीगढ़ में लैंड करेगी। इसकी बुकिंग 2952 रुपए से शुरू हो रही है। फलैक्सी फेयर लागू रहेगा। 

चंडीगढ़-हैदराबाद फ्लाइट
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से हैदराबाद की दूसरी फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से शुरू की जा रही है। यह 28 मार्च को उड़ान भरेगी। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से यह सुबह 10.55 बजे उड़ेगी और दोपहर 1.30 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। वापसी में हैदराबाद से यह सुबह 7.50 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 10.25 बजे चंडीगढ़ लैंड करेगी। चंडीगढ़-हैदराबाद की दूरी 2 घंटे 35 मिनट में तय होगी। इसके लिए फेयर 4392 रुपए से शुरू हो रहा है। 

चंडीगढ़-कोलकाता फ्लाइट 
यह फ्लाइट चंडीगढ़ से शाम 4 बजे उड़ान भरेगी और कोलकाता शाम 6.25 बजे पहुंच जाएगी। कोलकाता से यह रात 9.30 बजे उड़ान भरेगी और रात 11.55 बजे चंडीगढ़ में लैंड करेगी। चंडीगढ़ इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर रात के समय लैंड करने वाली यह पहली फ्लाइट होगी। शुरूआती फेयर 5707 रुपए है। 

Sunita sarangal