ISI के 3 आतंकी गिरफ्तार, बड़े नेताओं को उड़ाने की थी साजिश

punjabkesari.in Friday, Sep 23, 2022 - 01:14 PM (IST)

तरनतारन (अजनाला): तरनतारन पुलिस द्वारा पाकिस्तानी एजेंसी आई.एस.आई. के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने वाले 3 आतंकियों को हथियारों व अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार किए जाने का सूत्रों के हवाले से समाचार प्राप्त हुआ है। इस बाबत पुलिस ने थाना सदर तरनतारन में तीनों आतंकियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
    
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाकिस्तानी एजेंसी आई.एस.आई. के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने का काम करने वाले 3 आतंकियों जिनमें जर्मन जोत सिंह निवासी तलवंडी खुम्मण बटाला ,परमिंदर सिंह पिंदी निवासी हर्षीया बटाला और मुकेश कुमार निवासी जंबा करनाल शामिल हैं। ये तीनों आतंकी पंजाब में अलग अलग राजनीतिक सामाजिक व धार्मिक संगठनों के नेताओं को टारगेट बनाने की फिराक में थे। ये तीनों खालिस्तानी समर्थक बताए जा रहे हैं जो फंडिंग का काम भी करते हुए जायज नाजायज हथियार सप्लाई भी करते थे। तीनों आतंकियों को बीती देर रात अमृतसर बठिंडा नेशनल हाइवे के पास से आई 20 कार समेत गिरफ्तार किया गया है।लेकिन पुलिस अधिकारी तीनों के गिरफ्तार होने बाबत कोई पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
   
सूत्रों के हवाले से यह भी पता चला है कि तरनतारन पुलिस द्वारा 2 अन्य देश विरोधी व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया है जिनके सम्बन्ध आईएसआई के साथ होने की आशंका जताई जा रही है।इस बाबत जिले के एसएसपी रणजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस द्वारा सारे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है जिसके बाद मीडिया को सारी जानकारी दे दी जाएगी
 

Content Writer

Vatika