व्यापारी पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर 30 हजार लूटे

punjabkesari.in Saturday, Dec 21, 2019 - 10:34 AM (IST)

अमृतसर (संजीव): आज सुबह साढ़े 5 बजे के करीब न्यू कांगड़ा कालोनी के रहने वाले अनिल पुरी को 4 हथियार बंद लुटेरों ने उस समय घेर कर जान लेवा हमला कर दिया जब वह वल्ला मंडी को सब्जी लेने के लिए जा रहा था। जिस दौरान लुटेरों ने उसे तेजधार दातर के साथ बूरी तरह काटा और उसकी जेब से 30 हजार रुपए की नकदी लूट ले गए। गंभीर हालत में अनिल पुरी को स्थानीय एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

घटना की जानकारी मिलते ही ए.डी.सी.पी.-3 हरपाल सिंह व थाना मोहकमपुरा के इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और पुलिस को भागते हुए लुटेरों की सी.सी.टी.वी. फुटेज हाथ लगी है, जिससे उनकी पहचान की जा रही है।  जानकारी के अनुसार अनिल पुरी कैटरिंग का काम करता है और रोज की तरह वह अपने एक्टिवा स्कूटर पर सवार हो घर से वल्ला मंडी के लिए निकला कि रास्ते में उसे जोड़ा फाटक 40 खूह की ओर से आए चार लुटेरों ने घेर लिया और आते ही उस पर तेजधार दातर से वार करने लगे।

अनिल ने दिलेरी से लुटेरों का सामना किया, मगर हथियारों के आगे उसकी एक न चली और वह गंभीर रूप से घायल हो सड़क पर गया। जिसके बाद लुटेरे उसकी जेब से पैसा निकाल फरार हो गए। ए.डी.सी.पी. हरपाल सिंह का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है, जबकि पुलिस के हाथ कुछ ऐसे सुराग लगे है जिनसे बहुत जल्द इन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने वारदात के बाद भाग रहे लुटेरों की सी.सी.टी.वी. भी निकलवाई है। जिसमें वह हथियार पकड़े दिखाई दे रहे है। 

Vatika