होशियारपुर में 300 ग्राम हैरोईन सहित 2 नैरोबी की लड़कियां ड्राइवर समेत काबू

punjabkesari.in Thursday, Mar 29, 2018 - 04:22 PM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र मिश्रा): होशियारपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के शिमला पहाड़ी चौक स्थित एक कार की तलाशी के दौरान कार सवार 2 केन्या के नैरोबी शहर की रहने वाली 2 लड़कियों समेत ड्राइवर को गिरफ्तार कर 300 ग्राम हैरोईन बरामद करने में सफलता हासिल की है। 

 

पुलिस लाईन्स में वीरवार को मीडिया के समक्ष आरोपी ड्राईवर अमृतपाल सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी गांव राजोवाल को पेश कर एस.एस.पी.जे.इलनचेलियन ने बताया कि मेरी जानकारी में होशियारपुर पुलिस को किसी विदेशी नागरिक के पास से इतनी बड़ी मात्रा में हैरोईन बरामद करने की पहली घटना है। उन्होंने कहा कि अफ्रीकी देश केन्या के नैरोबी शहर की रहने वाली दोनों ही आरोपी लड़कियों माग्रेट पुत्री बाबुई व एटीक पुत्री केविन को मैडीकल कराने के बाद अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों ही लड़कियां नई दिल्ली से होशियारपुर आकर आस-पास के क्षेत्र में हैरोईन की आपूर्ति करने आई थी। अत: होशियारपुर पुलिस नई दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साध रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है ये लोग किस गिरोह के साथ जुड़े हुए हैं व इनका नैटवर्क कहां तक फैली हुई है।

आदमपुर व मॉडल टाऊन में भी है मामला दर्ज
एस.एस.पी.जे.इलनचेलियन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कार (पी.बी.10 बी.यू.5161) चला रहे ड्राईवर अमृतपाल सिंह पुत्र चरण सिंह निवासी राजोवाल(बुल्लोवाल) के खिलाफ आदमपुर देहात व होशियारपुर के थाना मॉडल टाऊन में भी नशीले पदार्थ की तस्करी करने का मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों ही आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस.एक्ट के अधीन केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू  कर दी है। 
 

Punjab Kesari