35 करोड़ रुपए की हैरोइन बरामद,पंजाब पुलिस का डिसमिस कर्मचारी साथी सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 17, 2018 - 09:22 PM (IST)

अमृतसर  (संजीव): स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल ने आज सीमावर्ती क्षेत्रों में हैरोइन की तस्करी करने वाले पंजाब पुलिस के डिसमिस ए.एस.आई. अजीत सिंह निवासी मोदे को उसके साथी गुरसेवक सिंह निवासी जसरोल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 7 किलो हैरोइन बरामद की, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। नशे की तस्करी के कारण अजीत सिंह को पुलिस विभाग से डिसमिस कर दिया गया और वह पिछले लम्बे समय से पुलिस को चकमा देता आ रहा था। 


आज पक्की सूचना के आधार पर स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सैल को खुफिया जानकारी मिली थी कि सीमापार पाकिस्तान से हैरोइन की खेप की आज उक्त दोनों तस्कर डिलीवरी लेने जा रहे हैं। इस पर गांव मोदे के समीप ट्रैप लगा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कुछ वर्ष पहले पुलिस ने वाघा सीमा पर हैरोइन की खेप पकड़ी थी, जिसमें एक सुपरिटैंडैंट भी शामिल था। अजीत सिंह देहाती पुलिस में होने के कारण सीमा क्षेत्र में तैनात था और पाकिस्तान से नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। लम्बे समय से वांछित चल रहा अजीत सिंह हर बार पुलिस को चकमा दे फरार हो जाता था और लगातार पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ सम्पर्क में रहकर नशे की तस्करी कर रहा था। स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल ने दोनों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन केस दर्ज कर लिया है और आज दोनों तस्करों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

Sonia Goswami