तेजधार हथियार सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, 8 वारदातों को दे चुके हैं अंजाम

punjabkesari.in Saturday, Jan 02, 2021 - 01:28 PM (IST)

जालंधर: थाना लांबड़ा की पुलिस ने शहर भर में लूटपाट व चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चुराए हुए वाहन व तेजधार हथियार मिले हैं। आरोपियों की पूछताछ में 8 केस लूटपाट व चोरियों के ट्रेस हुए हैं। पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों के बारे भी पता लग सके।

डी.एस.पी. करतारपुर सुखपाल सिंह ने बताया कि 23 दिसम्बर को 3 लुटेरों ने एक्टिवा पर जा रहे पति पत्नी को पिस्तौल नुमा चीज दिखा कर उनसे 2200 रुपए और एक्टिवा लूट ली थी। इस संबंधी थाना लांबड़ा में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इस केस की जांच ए.एस.आई. सतनाम सिंह कर रहे थे। जांच में पता लगा कि यह वारदात प्रितपाल सिंह उर्फ पीता पुत्र रणजीत सिंह निवासी भंडाल दोरां हाल निवासी कुराली लांबड़ा ने अपने साथियों के साथ मिल कर की है। 

पुलिस ने गुप्त सूचना के अधार पर प्रितपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 23 दिसम्बर को की वारदात को कबूल लिया। पूछताछ में पता लगा कि इस वारदात में उसके साथ निंदरजीत सिंह उर्फ नवी पुत्र मुर्ती राम निवासी चूहेरी नूरमहल, हरविंदर सिंह उर्फ हन्नी पुत्र हरजीत सिंह निवासी चौगावां लांबड़ा व तीर्थ सिंह उर्फ लवली पुत्र दर्शन सिंह निवासी अली चक्क लांबड़ा भी शामिल थे। पुलिस ने ट्रैप लगा कर उक्त तीनों आरोपियों को भी काबू कर लिया।

वहीं पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने शहर में अन्य वारदातों को अंजाम दिया है। चारों आरोपियों ने 3 दिसम्बर नाखां वाले बाग के पास भी तेजधार हथियार दिखा कर 2 हजार रुपए व स्कूटरी छीनी थी। 23 नवंबर को उन्होंने धालीवाल कालोनी में से मोबाइल व 2 हजार रुपए लूटे थे। 23 दिसंबर को ही उक्त आरोपियों ने सनसिटी कालोनी से तेजधार हथियार दिखा कर 2200 रुपए और पीड़ित लडक़े के कानों से दोनों सोने की बालियां लूट ली थी। एक माह पहले भी चारों ने वडाला चौक से एक्टिवा लूटी थी। 120 फुटी रोड व ज्योति चौक से भी उन्होंने 2 बाइक चुराए थे जबकि बस्ती शेख से भी आटो चोरी किया था। पुलिस ने चारों की निशानदेही पर 3 बाइक, 2 स्कूटरी, एक आटो, छीने हुए मोबाइल और लूटपाट में इस्तेमाल की जाने वाली दातर व बेसबैट भी बरामद कर लिया। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अब तक 8 वारदातें मान चुके हैं।

Sunita sarangal