लड़कियों को गुमराह कर दिल्ली ले जाकर बेचने के मामले में मास्टरमाइंड महिला सहित 4 गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 10, 2019 - 09:54 AM (IST)

फिल्लौर(भाखड़ी): पुलिस ने लड़कियों को गुमराह कर दिल्ली के पास ले जाकर बेचने के मामले में गिरोह की प्रमुख मास्टरमाइंड महिला सहित 4 को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आज थाना प्रभारी फिल्लौर इंस्पैक्टर सुक्खा सिंह ने बताया कि गत दिवस मनजीत कौर की शिकायत पर उन्होंने एक ऐसे गिरोह को पकडऩे में सफलता हासिल की थी जो देहात की रहने वाली भोली-भाली लड़कियों या फिर फैक्टरियों में काम करने वाली लड़कियों को अपने झांसे में फंसा कर दिल्ली से आगे ले जाकर उन्हें एक बाबा के हवाले कर देता था जिसके बदले उन्हें मोटा रुपया मिलता था।

इस गिरोह से पूछताछ के दौरान पता चला कि इनकी एक और महिला साथी भी है जो इनके गिरोह की मास्टर माइंड है, उसे भी पुलिस ने पकडऩे में सफलता हासिल कर ली। इस गिरोह में 3 महिलाएं व 2 पुरुष थे, ये सभी पुलिस हिरासत में हैं। ये पांचों मिलकर पहले सुंदर दिखने वाली मजबूर लड़कियों की रेकी करते फिर उन्हें अपने फोन में वीडियो फिल्में दिखा कर झांसे में ले लेते कि अगर वे उनके साथ बाबा के पास जाएंगी तो उनके परिवार से गरीबी सदा के लिए कोसो दूर हो जाएगी। कानूनी दाव-पेंच से बचने के लिए ये लड़की और उनके परिवार वालों से पहले ही हलफिया बयान ले लेते की उनकी लड़की अपनी रजामंदी से उनके साथ जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी लक्ष्मी पत्नी लखविंदर सिंह, हरप्रीत कौर पत्नी गुरदीप सिंह, कुलदीप कौर पत्नी अमृतपाल, गुरदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर उनसे आगे और भी पूछताछ की जाएगी। 

बाबा और उसके चेलों को पकडऩे पुलिस टीम जाएगी दिल्ली
थाना प्रभारी सुक्खा सिंह ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद एक बात तो स्पष्ट हो चुकी है कि यह गिरोह लड़कियों का शारीरिक शोषण करता था और उन लड़कियों को जबरन देह व्यापार जैसे धंधे में डाल देता था। दूसरा यह गिरोह यहां से लड़कियों को ले जाकर दिल्ली के पास एक गांव में बैठे बाबा के पास बेच देता था। बाबा ही आगे लड़कियों का शोषण करवाता था। उन्होंने कहा कि बाबा और उसके चेलों को पकडऩे के लिए पुलिस की एक टीम शीघ्र ही दिल्ली को रवाना होगी। 
 

Vatika