आंधी के कारण करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के 4 गुंबद गिरे

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2020 - 09:04 AM (IST)

करतारपुर(एजेंसी): पिछले साल पाकिस्तान के करतारपुर में भारतीय सिखों के लिए खुले करतारपुर साहिब गुरुद्वारे को नुकसान पहुंचा। दरअसल, शुक्रवार को आई आंधी में यहां गुंबद टूट कर नीचे गिर गए। बता दें कि पिछले साल गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर भारत और पाकिस्तान के बीच रास्ता खोला गया था और यह गुंबद कुछ महीने पहले ही बनवाए गए थे। सरहद पर दोनों ओर शुक्रवार को तेज आंधी-तूफान आया था।

रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को पाकिस्तान के करतारपुर साहिब गुरूद्वारे के चार गुंबद तेज आंधी के कारण नीचे गिर गए। करतारपुर में ही गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 18 साल बिताए थे। इसलिए सिखों में यह बहुत अहमियत रखता है। पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच कॉरिडोर खोला गया, जिससे भारतियों को बिना वीजा के वहां जाने की इजाजत मिल गई।

सिख भाईचारा इस घटना से बहुत ही नाराज हुआ है। आरोप लगाया जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार ने जिस तरह से यह निर्माण करवाया है, वह सही नहीं है। कहा जा रहा है कि गुंबदों का निर्माण सीमेंट नहीं बल्कि फाइबर से किया गया था। वहीं मार्च में कोरोना वायरस के चलते इसे बंद कर दिया गया था।

Edited By

Sunita sarangal