जम्मू-कश्मीर के पीड़ित परिवारों के लिए भिजवाई 491वें ट्रक की राहत सामग्री

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 05:42 AM (IST)

जालंधर(जोगिंद्र संधू): पाकिस्तान की शह पर चलाए जा रहे आतंकवाद और सरहद पार से बिना कारण की जा रही गोलीबारी से जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों को पिछले वर्षों में जान और माल का नुक्सान सहन करना पड़ा। अपने हंसते-खेलते घरों से उजड़ कर कश्मीर के हजारों पंडित परिवार तथा जम्मू के सरहदी क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग संकट का समय व्यतीत कर रहे हैं। वे कभी भी पहले जैसी सुख-शांति के माहौल में अपने घरों में नहीं बस सके। 

जम्मू क्षेत्र के सरहदी लोग आज भी गोलीबारी की मार सहन कर रहे हैं। इनमें गांवों के आम लोगों के अलावा सुरक्षा बलों के कर्मी भी शामिल हैं। इसके साथ ही ऐसे पीड़ित परिवारों को प्राकृतिक और सरकारी स्तर पर भी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उनके लिए हालात एक तरह से बेबसी वाले बन गए हैं जिसमें दो वक्त की रोटी का सवाल भी गंभीर हो गया है। ऐसे पीड़ित परिवारों के दर्दनाक हालातों को देखते हुए  पंजाब केसरी पत्र समूह द्वारा एक विशेष मुहिम पिछले 20 वर्षों से चलाई जा रही है। इस मुहिम अधीन गत दिनों 491वें ट्रक की राहत सामग्री जम्मू के सरहदी क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के लिए भिजवाई गई। 

इस बार की राहत सामग्री डी.सी. माडल ग्रुप आफ स्कूल्स फिरोजपुर के सी.ई.ओ. श्री अनिरुद्ध गुप्ता द्वारा ग्रुप की मैनेजमैंट तथा स्टाफ के सहयोग से भिजवाई गई। सामग्री भिजवाने के इस पवित्र कार्य में डिप्टी हैड एडमिन गौरिश अरोड़ा तथा वक्ता विक्रमादित्य शर्मा ने बहुमूल्य सहयोग दिया। ग्रुप द्वारा पहले भी सामग्री भिजवाने तथा पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग दिया जाता रहा है। 

पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी द्वारा जालंधर से रवाना किए गए इस ट्रक की सामग्री में 300 परिवारों के लिए प्रति परिवार 10 किलो आटा, 10 किलो चावल तथा एक कंबल शामिल था। इस मौके पर प्रो. अभिषेक अरोड़ा भी मौजूद थे। राहत मुहिम के प्रमुख लायन जे.बी. सिंह चौधरी के नेतृत्व में सामग्री बांटने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में जाने वाली टीम में योगाचार्य श्री वरिंद्र शर्मा, इकबाल सिंह अरनेजा, फिरोजपुर से जग बाणी के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह भुल्लर, जीरा से प्रतिनिधि दविंद्र सिंह अकालियांवाला, परगट सिंह भुल्लर, लोक चेतना मंच के फिरोजपुर जिला प्रधान जसबीर सिंह जोसन तथा हरदयाल सिंह भी शामिल थे।