लूट और हत्या की घटना में 5 गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jul 17, 2018 - 06:00 PM (IST)

लुधियाना: लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने सात जुलाई को पंडोरी गांव हुई लूट और हत्या की घटना में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छह और सात जुलाई की मध्य रात करीब एक बजे हमलावरों ने रामकली के घर पर हमला किया जब उनका बेटा विनोद बिहार गया हुआ था। घर में उस समय रामकली, उनकी बहू संगीता और नौकर विनोद कुमार थे। उन्होंने तीनों को मारपीट कर घायल किया और लूटकर भाग गए। संगीता की बाद में अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। 

पुलिस के अनुसार इस वारदात की योजना गांव के ही सुखमंदेर सिंह उर्फ गोली ने बनाई थी और वारदात को अंजाम देने उसने अपने साथियों पिंदर कुमार, बलजीत सिंह, राजवीर और संदीप सिंह (सभी मोगा के) को भेजा था। वह खुद दूर रहा क्योंकि उसे अपने पहचाने जाने की आशंका थी।   पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध के लिए इस्तेमाल हथियार व लूटा सामान जब्त कर लिया गया है। 

Vaneet