Pak बाॅर्डर के साथ लगते खेत में दबाकर रखी 5 करोड़ की हैरोइन बरामद,भारत में होनी थी सप्लाई

punjabkesari.in Thursday, Sep 26, 2019 - 12:32 PM (IST)

मोगा(आजाद): जिला पुलिस ने पाकिस्तान बाॅर्डर के साथ लगते किसान के धान के खेत में छुपाकर रखी गई एक किलो हैरोइन बरामद की, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 5 करोड़ रुपए के करीब बताई जा रही है।इस संबंधी थाना मैहना में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एस.पी.आई. हरिन्द्रपाल सिंह परमार ने बताया कि पुलिस को सूत्रों से जानकारी मिली थी कि कुछ तस्करों द्वारा बी.ओ.पी. जगदीश चौकी थाना सदर फिरोजपुर के अंतर्गत पड़ते इलाके में पाकिस्तानी तस्करों से मिलकर किसान जंगीर सिंह निवासी गांव हबीबवाला के धान के खेत में हैरोइन की खेप छुपाई गई है।जिला पुलिस अधीक्षक अमरजीत सिंह बाजवा के निर्देशों पर इस ऑप्रेशन के लिए विशेष टीम गठित की गई। बी.एस.एफ. के 2 अधिकारियों ने पुलिस मुलाजिमों के साथ सांझा सर्च ऑप्रेशन करके बी.ओ.पी. के गेट नंबर-193 के बीच धान का खेत जो जंगीर सिंह निवासी हबीब वाला किसान का था, की खुदाई करके वहां से 2 पैकेट हैरोइन के निकाले।

भारत में होनी थी सप्लाई

एस.पी.आई. हरिन्द्रपाल सिंह परमार ने बताया कि उक्त हैरोइन को पाकिस्तान से मंगवाया गया था और इसे भारत में तस्करों को सप्लाई किया जाना था, लेकिन मोगा पुलिस को खास सूत्रों से जानकारी मिलने पर उक्त हैरोइन हमारे हाथ लग गई। उन्होंने बताया कि उक्त सर्च ऑप्रेशन मेें 5-6 घंटे का समय लगा। जिस किसान के खेत से हैरोइन मिली है उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा हैरोइन की खेप दबाने वाले तस्करों की भी तकनीकी ढंग से जांच की जा रही है ताकि बरामद हुई हैरोइन को मंगवाने वाले तस्करों को दबोचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस मामले की अग्रिम जांच सहायक थानेदार परमदीप सिंह द्वारा की जा रही है।

पुलिस कहीं भी कर सकती है छापामारी

एस.पी.आई. हरिन्द्रपाल सिंह परमार ने बताया कि गुप्त सूत्र नशा तस्करी के मामले में कहीं भी जाकर सूचना दे सकते हैं और उसके आधार पर पुलिस नशा तस्करों को काबू करने व नशे की खेप बरामद करने के लिए कहीं भी छापामारी कर सकती है, क्योंकि पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी आधार पर हैरोइन की सूचना देने वाले सूत्र ने मोगा पुलिस को जानकारी दी थी।

 

swetha