550वें प्रकाश पर्व पर 550 हस्तियां होंगी सम्मानित

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 10:26 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): पंजाब सरकार श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के जश्न मौके 550 नानक नामलेवा मशहूर शख्सियतों को सम्मानित करेगी। इस संबंधी पर्यटन और सांस्कृतिक मामले संबंधी 
मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार के सीनियर अधिकारियों के साथ मीटिंग की। चन्नी ने बताया कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह के योग्य नेतृत्व में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के जश्न मौके 550 प्रसिद्ध नानक नामलेवा हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।


इस सूची में वह शख्सियतें शामिल हो सकेंगी, जिनको गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर पूरा भरोसा है और जिन्होंने इन शिक्षाओं को अपनाकर अपने जीवन के विभिन्न पड़ावों को पार किया या जिन्होंने समाज के लिए कोई कीमती योगदान दिया या पहली पातशाही की शिक्षाओं को मार्गदर्शक मानते हुए अपने चुने हुए पेशे या क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं। चन्नी ने बताया कि ऐसी शख्सियतें भारत या विदेश से भी हो सकती हैं और इन सत्कार योग्य हस्तियों को खोजने का सिलसिला पूरी दुनिया में चलाया जाएगा। 


मंत्री ने सम्मान प्राप्त करने योग्य संस्थाओं या हस्तियों को ढूंढने के लिए 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी निजी तौर पर या अन्य स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर ऐसी हस्तियों के नाम खोजेगी और अंतिम रूप देने के लिए मुख्य सचिव को भेजे जाएंगे।चन्नी ने बताया कि ऐसी हस्तियों को सम्मानित करने के लिए आई.के.जी. पी.टी.यू. कपूरथला में 10 नवम्बर को विशाल समागम आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह इन हस्तियों का सम्मान करेंगे। 

swetha