66KV करंट की चपेट में आई महिला की मौत, अस्पताल पहुंचाने की बजाय वीडियो बनाते रहे लोग

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2020 - 12:39 PM (IST)

जगराओं(भंडारी): स्थानीय गोल्डन बाग में स्थित एक मकान की छत पर कपड़े सुखाने गई महिला छत के ऊपर से जा रही 66 के.वी. की बिजली की तारों की चपेट में आकर बुरी तरह जल गई जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। 

गोल्डन बाग में कुछ दूरी पर रह रही जगराओं की विधायक सर्वजीत कौर मानूके ने तुंरत मौके पर पहुंच कर महिला को अपनी सरकारी गाड़ी में सिविल अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि डाक्टरों के अनुसार 40 वर्षीय गुरपिंद्र कौर लगभग पूरी तरह जल गई तथा उसे डाक्टरों ने सिविल अस्पताल फरीदकोट रैफर कर दिया था जहां उसकी मौत हो गई। मृतका कुछ दिन पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आई थी, उसका एक 14 वर्षीय बेटा भी है तथा उसका ससुराल वालों से झगड़ा चलता था। आज दोपहर लगभग 2 बजे घटी उक्त घटना में महिला के जल जाने के अतिरिक्त मकान का लैंटर तथा घर के सभी बिजली के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। 

मकान का नक्शा पास होने पर उठे सवाल
विधायक मानूके ने आश्चर्य प्रकट किया कि 66 के.वी. तार मकान के ऊपर से गुजरती है तो नगरपालिका से इस मकान का नक्शा पास कैसे हुआ। इस संबंध में उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से भी बातचीत की है।

अस्पताल पहुंचाने की बजाय वीडियो बनाते रहे लोग
विधायक मानूके ने अफसोस जाहिर किया कि महिला को करंट लगने के बाद किसी ने उसे अस्पताल पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी बल्कि लोग वीडियो बनाते रहे। महिला को फरीदकोट रैफर करते समय उन्होंने पीड़िता को कुछ राशि भी दी थी। समाचार लिखने तक महिला ठीक बताई जाती थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News