आवारा कुत्तों के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौ+त, कैमरे में कैद हुई घटना
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 02:14 PM (IST)
अमृतसर (रमन): शहर के इस्लामाबाद इलाके की चौकी वाली गली में आवारा कुत्तों का खौफ एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। यहां करीब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि कुत्तों ने बुजुर्ग को कई जगहों से बुरी तरह नोच दिया। गंभीर रूप से जख्मी हालत में बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल दाखिल करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह सारी घटना इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो अब सामने आई है।
कुत्तों के झुंड के आगे बेबस रहा बुजुर्ग
चश्मदीदों के मुताबिक बुजुर्ग गली में से गुजर रहे थे कि अचानक कई आवारा कुत्तों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। बुजुर्ग ने अपने आप को बचाने की कोशिश की लेकिन कुत्तों के झुंड के आगे वह बेबस हो गए। आस-पास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार जिस गली में यह घटना घटी, वहां ही एक नामी स्कूल भी स्थित है जहां हर रोज बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ काफी समय से बना हुआ है और कई बच्चे व राहगीर पहले भी इनके हमलों का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन और नगर निगम द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
डंडों की मदद से कुत्तों से बचाई जान
राम नगर कॉलोनी के रहने वाले राजन सैनी ने बताया कि गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह काम से घर वापिस आ रहे थे, जैसे ही वह स्कूल के पास पहुंचे तो तीन आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने भागकर बचने की कोशिश की लेकिन कुत्तों ने उन्हें काट लिया। शोर मचने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से कुत्तों से उनकी जान बचाई। राजन ने बताया कि उन्हें हर रोज करीब एक हजार रुपए का टीका लगवाना पड़ रहा है जिससे उनके गरीब परिवार पर आर्थिक बोझ पड़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह घटना घटी है, उसके साथ ही डिप्टी मेयर का घर भी है, पर इसके बावजूद आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई वहीं मृतक बुजुर्ग के पारिवारिक परिजनों ने पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई और न ही मीडिया के सामने कोई बयान दिया। उनका कहना है कि वे पुलिस की कानूनी कार्रवाई में नहीं पड़ना चाहते। उधर थाना इस्लामाबाद के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि परिवार की ओर से कोई शिकायत मिलती है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर इलाका निवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ने और बच्चों व आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं दोबारा न घटें।

