पंजाब की मंडियों में पहुंचा 76.35 लाख टन धान

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 06:45 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में धान की आवक में तेजी आते ही अब तक मंडियों में 76 लाख टन से अधिक धान पहुंचा। राज्य में अब तक धान के निर्धारित लक्ष्य से 44.33 प्रतिशत धान की आमद हो चुकी है।

राज्य के खाद्य एवं सिविल सप्लाई मंत्री भारत भूषण आशू ने आज यहां जारी बयान में कहा कि अब तक 76.35 लाख टन धान की आमद में से 75.35 लाख टन धान खरीदा गया है। मंडियों में चरणबद्ध ढंग से धान की फसल लेकर आने की प्रक्रिया संतोषजनक तरीके से चल रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की मंडियों में कल तक 6 लाख 56 हजार 186 टन धान की आमद हुई जिसमें से 6 लाख 40 हजार 102 टन धान की खरीद की गई। इसके अलावा 6 लाख 13 हजार 989 टन धान की लिफ्टिंग की गई और अब तक 60 लाख 74 हजार 290 टन धान की कुल लिफ्टिंग की जा चुकी है।

आशू ने बताया कि अब तक धान की खरीद सम्बन्धी 9921 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं। पंजाब सरकार की किसानों की फसल का दाना-दाना खरीदे जाने की वचनबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में निर्विघ्न, परेशानी रहित और सुरक्षित खरीद सुनिश्चित की गई है।

Mohit