मस्कट में फंसी 8 लड़कियों के लिए मसीहा बना अवतार सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Feb 26, 2020 - 04:23 PM (IST)

फरीदकोट(जगतार): ट्रैवल एजेंटों की ठगी का शिकार होकर मस्कट गई 11 लड़कियों में से 8 भारत वापस आ गई हैं। इनमें से एक लड़की फरीदकोट के गांव अराइयांवाला कलां की रहने वाली है। उसने बताया कि एक भारतीय की मदद से वह वापस घर लौट पाई है। भारत वापस आने पर पीड़ित लड़की ने कंपनी मकान मालिकों पर मारपीट करने के भी आरोप लगाए हैं। 

जानकारी के अनुसार गांव अराइयांवाला कलां की पीड़ित रेखा की शादी जीरा के नजदीकी गांव में हुई है, जिसे वहां के 1 ट्रैवल एजेंट ने करीब 2 लाख रुपए लेकर पैकिंग के काम में दुबई भेजा था। एजेंट ने रेखा को दुबई जाते समय जो बताया था, सब उसके विपरीत ही था। एजेंट ने उसे दुबई टूरिस्ट वीजा पर भेजा था, जिस दौरान विदेश में उस पर अत्याचार करके काम करवाया जाता था। यही नहीं एक से दूसरी, दूसरी से तीसरी जगह उसे अन्य पंजाबी भारतीय लड़कियों के साथ बंधक बना कर रखा गया, जहां उन पर अत्याचार किया जाता था। 

पत्रकार से बातचीत करते हुए रेखा ने बताया कि हम पंजाब की 11 लड़कियां वहां फंसी हुई थीं, जिनमें से 8 भारत आ चुकी हैं और 3 अभी भी वहां हैं। उनके पासपोर्ट एजेंटों ने जब्त कर लिए थे। भारतीय एंबेसी ने उनके नए पासपोर्ट बनाकर वापस भेजा। रेखा ने बताया कि वह दुबई में रहते सिख अवतार सिंह के प्रयत्नों से ही वापस लौटी है। पीड़िता ने ट्रैवल एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
 

Edited By

Sunita sarangal