सितम्बर को 8 ग्रहों की बदलेगी ‘चाल’, मंगल को छोड़ कर सभी ग्रहों में होगी उथल-पुथल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2020 - 05:50 PM (IST)

जालंधर(विशेष): सितम्बर में मंगल को छोड़कर सारे ग्रहों में बड़े पैमाने पर उथल-पुथल होने वाली है। मंगल को छोड़कर सारे ग्रहों की या तो राशि बदल जाएगी या फिर ग्रहों की चाल में परिवर्तन होगा। सामान्य तौर पर सूर्य हर महीने संक्राति के दिन राशि परिवर्तित करते हैं जबकि चन्द्रमा हर सवा 2 दिन में राशि बदल लेते हैं। शुक्र और बुध का भी अमूमन हर माह राशि परिवर्तन हो जाता है लेकिन सितम्बर में क्रूर माने जाते राहु और केतु के राशि परिवर्तन के साथ-साथ शनि और गुरु की चाल में भी बदलाव हो रहा है। राहु 23 सितंबर को मिथुन से वृष राशि में जाएंगे जबकि केतु इसी दिन धनु से वृश्चिक राशि में गचर करेंगे। इससे पहले 13 सितम्बर को धनु राशि में वक्री चल रहे गुरु मार्गी हो जाएंगे जबकि मकर राशि में वक्री चल रहे शनि मार्गी स्थिति में आ जाएंगे। राहु और केतु का अगला राशि परिवर्तन 22 अप्रैल 2022 को होगा

कोरोना के संक्रमण के लिए भी राहु के मिथुन राशि में गोचर को जिम्मेदार माना जा रहा था क्योंकि मिथुन राशि में रहते हुए राहु अपने ही आद्र्र नक्षत्र में काफी मजबूत हो गया था। राहु को संक्रमण का कारक ग्रह माना जाता है और राहु के मजबूत होने और अच्छा प्रभाव देने वाले गुरु, शुक्र और बुध के कमजोर होने के कारण संक्रमण काफी तेजी से फैला है। अब राहु के राशि परिवर्तन के साथ ही कोरोना के संक्रमण पर लगाम लगने की भी उम्मीद की जा रही है।

सितम्बर में ग्रहों की चाल-
1 सितम्बर- शुक्र कर्क राशि में
2 सितम्बर- बुध कन्या राशि में
13 सितम्बर- गुरु राशि में मार्गी
16 सितम्बर- सूर्य कन्या राशि में
22 सितम्बर- बुध तुला राशि में
23 सितम्बर- राहु वृष राशि में
23 सितम्बर- केतु वृश्चिक राशि में
29 सितम्बर- शनि मकर राशि में मार्गी

गुरु अब तक केतु के प्रभाव में होने के कारण अपनी ही राशि में अच्छे परिणाम नहीं दे पा रहा था लेकिन अब अगले 2 महीने तक गुरु धनु राशि में अपने पूरे फल देगा, इसी तरह अपनी ही राशि मकर में शनि के मार्गी होने पर भी उन जातकों को शनि के अच्छे फल मिलेंगे जिनकी कुंडली में शनि तीसरे छठे और 11वें भाव में गोचर कर रहे हैं। राहु और केतु के राशि परिवर्तन से भी काफी लोगों की जिंदगी में बदलाव आएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News