मोटरसाइकिल व स्कूटर में टक्कर, 1 की मौत

punjabkesari.in Sunday, Aug 19, 2018 - 11:42 PM (IST)

मोगा(आजाद): थाना अजीतवाल अधीन पड़ते गांव चूहड़चक्क के पास मोटरसाइकिल व स्कूटर के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में स्कूटर सवार अजमेर सिंह उर्फ पम्मा (49) निवासी गांव बुट्टर व मोटरसाइकिल सवार मदन सिंह निवासी गांव चूहड़चक्क बुरी तरह से घायल हो गए। अजमेर सिंह उर्फ  पम्मा की डी.एम.सी. लुधियाना में मौत हो गई, जबकि मदन सिंह सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। अजीतवाल पुलिस द्वारा परमिन्द्र सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह के बयानों पर मोटरसाइकिल चालक मदन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे का पता लगने पर थाना अजीतवाल के सहायक थानेदार गुरदेव सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे तथा जांच के अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ की।

उन्होंने बताया कि अजमेर सिंह उर्फ पम्मा गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में सेवादार था। वह अपने स्कूटर पर गत रात्रि गुरुद्वारे जा रहा था, जबकि मदन सिंह निवासी गांव चूहड़चक्क जगराओं से अपने गांव वापस आ रहा था। इस दौरान गांव चूहड़चक्क के नजदीक दोनों के बीच टक्कर हो गई, जिसमें अजमेर सिंह उर्फ पम्मा व मदन सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। अजमेर सिंह पम्मा को जगराओं के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। 

डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे डी.एम.सी. लुधियाना रैफर कर दिया जहां उसने दम तोड़ दिया, जबकि मदन सिंह सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल है। सहायक थानेदार गुरदेव सिंह ने बताया कि आज अजमेर सिंह उर्फ पम्मा का सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।

Des raj