Fast Food के शौकीनों, सावधान! टिक्की में निकली मरी हुई छिपकली, जांच में सामने आईं गंभीर लापरवाहियां

punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 09:38 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के पुड्डा मार्केट स्थित नव-खुले 'चाट किंग इंडिया' रेस्टोरेंट में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक की प्लेट में परोसी गई टिक्की में मरी हुई छिपकली निकल आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर विरोध किया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर जांच शुरू कर दी।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्राहक मनू अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में टिक्की और भल्ला खाने पहुंचा था। मनू ने बताया कि जैसे ही वह टिक्की खा रहा था, उसे मुंह में किसी अजीब वस्तु का एहसास हुआ। पहले उसने इसे धनिया का पत्ता समझा, लेकिन बाहर निकालकर देखने पर वह मरी हुई छिपकली निकली। यह देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत रेस्टोरेंट प्रबंधन से शिकायत की।

PunjabKesari

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकायत के दौरान रेस्टोरेंट की महिला संचालक ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय कथित तौर पर कहा, "छिपकली तो घरों में भी होती है, इसमें कौन-सी बड़ी बात है?" इस टिप्पणी से ग्राहक और अधिक नाराज हो गए। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी यहां खाने में बाल निकलने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।

घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद फूड सेफ्टी ऑफिसर दिव्या गोस्वामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट की जांच की। जांच के दौरान किचन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभागीय अधिकारियों ने पाया कि रसोई के भीतर ही कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था की गई थी और वहीं शौचालय भी बना हुआ था। इसके अलावा, कूड़ेदान भरे हुए मिले, कई दिनों पुरानी चटनियां रखी मिलीं और कर्मचारी बिना कैप और ग्लव्स के भोजन तैयार करते पाए गए।

PunjabKesari

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। विभाग ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि दोबारा निरीक्षण के दौरान यदि कमियां पाई गईं, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

PunjabKesari

अधिकारियों ने बताया कि सैंपल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शहरवासियों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से शहर के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी नियमित जांच कराने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News