घर में घुसकर कबड्डी खिलाड़ी पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौ+त

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 09:10 AM (IST)

दिड़बा मंडी: दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव रोगला में कुछ दिन पहले घर में घुसकर कबड्डी खिलाड़ी जसकरण सिंह पर किए गए जानलेवा हमले में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और रोष का माहौल है। 

मृतक के भाई गुरविंदर सिंह द्वारा दिड़बा थाने में दर्ज करवाए बयान के अनुसार, जसकरण शाम करीब 8 बजे घबराया हुआ घर पहुंचा। इसी दौरान गांव के कुछ लोग लोहे की गरारी, लाठियां, कुतका और लोहे की रॉड लेकर उसका पीछा करते हुए घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने जसकरण के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आई उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। परिजन जसकरण को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। गंभीर हालत के चलते उसे संगरूर और फिर पटियाला रेफर किया गया। पटियाला में हालत नाजुक होने पर उसे पी. जी. आई. चंडीगढ़ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों और  ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार न करने की मांग की। पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिए जाने के बाद परिजन मान गए और गांव रोगला के श्मशानघाट में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। दिड़बा थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर 2 महिलाओं समेत 9 नामजद तथा 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News