दिल दहला देने वाली घटना! मामूली झगड़े में नहर में कूदी युवती, बचाने उतरा युवक पानी में बहा
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 07:25 PM (IST)
बठिंडा (परमिंद्र): गुरुवार को नैश्नल कालोनी में रहने वाली एक युवती अपने भाई से झगड़कर कालोनी के नजदीक से गुजरती सरहिंद नहर में कूद गई। युवती को बचाने के लिए पीछे उसके मामा ने भी नहर में छलांग लगा दी। युवती को तो राहगीरों ने नहर में कूदकर सकुशल निकाल लिया लेकिन उसे बचाने के लिए नहर में कूदा उसका मामा तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर एन.डी.आर.एफ. की टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में बहे व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कोमल (16) निवासी नैश्नल कालोनी का अपने भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया जिससे खफा होकर उसने नहर में छलांग लगा दी। पता चलने पर उसका मामा पंकज कुमार उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया लेकिन वह तेज बहाव में बह गया। इसी दौरान एक अन्य राहगीर पिंटू ने अन्य लोगों की मदद से कोमल को तो नहर से सकुशल निकाल लिया लेकिन उसके मामा का कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर एन.डी.आर.एफ. की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी में बहे पंकज कुमार की तलाश शुरू कर दी है।

