फ्री क्रेडिट कार्ड के चक्कर में गंवाए लाखों, साइबर ठगों ने ऐसे लगाया चूना

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 02:55 PM (IST)

फिरोजपुर (आनंद): साइबर ठगों द्वारा लोगों को बैंकिंग सुविधाएं देने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में फिरोजपुर शहर के रहने वाले व्यक्ति के साथ लगभग पांच लाख रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 318 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयानों में रजिंदर कुमार पुत्र जंगीर लाल मनचंदा निवासी 124, विकास विहार, फिरोजपुर शहर ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे पंजाब नेशनल बैंक का लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड देने की पेशकश की।

शिकायतकर्ता ने बताया कि फोन करने वाले ने उसके पुराने क्रेडिट कार्ड का नंबर पूछा और भेजे गए लिंक में कार्ड से संबंधित सारी जानकारी भरने को कहा। उसने उक्त लिंक में जानकारी भर दी। इसके बाद उसके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से पांच अलग-अलग लेन-देन के जरिए कुल 4,98,994 रुपये ट्रांसफर हो गए।

रजिंदर कुमार ने बताया कि उसने इस धोखाधड़ी के संबंध में 15 अक्टूबर को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News