साइबर ठगी का नया तरीका, कार्ड एक्टिवेट करने के बहाने लाखों की शॉपिंग

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 04:43 PM (IST)

तरनतारन  (रमन) : साइबर ठगों द्वारा भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसकी एक और ताजा मिसाल उस समय सामने आई, जब ऑनलाइन क्रैडिट कार्ड एक्टिवेट करने के बहाने एक व्यक्ति से करीब साढ़े 3 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इस मामले में साइबर क्राइम थाना तरनतारन की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे रोड तरनतारन निवासी संदीप सिंह पुत्र सतपाल सिंह ने बीती 24 सितंबर को साइबर क्राइम के ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके साथ क्रैडिट कार्ड एक्टिवेट करने के नाम पर 3 लाख 48 हजार 500 रुपए की धोखाधड़ी की गई है।

पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि संदीप सिंह ने नया क्रैडिट कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया था। जब उसने इस संबंध में बैंक से संपर्क किया तो बैंक कर्मचारियों ने बताया कि पता सही नहीं होने के कारण उसका क्रैडिट कार्ड वापस भेज दिया गया है।

इसके कुछ दिनों बाद संदीप सिंह के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। फोन करने वाले ने उसे क्रैडिट कार्ड ऑनलाइन एक्टिवेट करने की बात कही। बातचीत के दौरान आरोपी ने संदीप सिंह से विभिन्न बैंकों के क्रैडिट कार्डों के बारे में जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद कार्ड एक्टिवेट करने के बहाने बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रैडिट कार्डों के अंतिम चार अंक भी पूछ लिए।

शिकायत के आधार पर की गई पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर संदीप सिंह के मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर ली। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रैडिट कार्डों का इस्तेमाल करते हुए कुल 3 लाख 48 हजार 500 रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। इस प्रकार आरोपी ने क्रैडिट कार्ड एक्टिवेट करने का झांसा देकर संदीप सिंह को लाखों रुपए की आर्थिक चपत लगा दी।

पुलिस जांच में शिकायतकर्ता के साथ 3,48,500 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर क्राइम थाना तरनतारन की प्रभारी इंस्पेक्टर हरविंदर कौर ने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप सिंह के बयानों और मामले की जांच के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News