कॉलेज से छुट्टियां मनाने घर आई थी नर्सिंग छात्रा, अचानक हार्ट अटैक ने छीन ली जिंदगी

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 11:03 PM (IST)

बरनाला: पंजाब के बरनाला जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक छात्रा की पहचान रछमिंदर कौर के रूप में हुई है, जो फरीदकोट स्थित श्री गुरु हरगोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी। कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह इन दिनों अपने पैतृक गांव सहिजड़ा में परिवार के साथ रह रही थी।

परिजनों के अनुसार रछमिंदर कौर सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ थी और उसने परिवार के सदस्यों के साथ सामान्य रूप से बातचीत भी की थी। लेकिन कुछ समय बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई।

परिवार का कहना है कि रछमिंदर को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि हंसती-खेलती बेटी इतनी कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह जाएगी। रछमिंदर कौर पढ़ाई में होनहार बताई जा रही थी और नर्सिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही थी, लेकिन नीयति को कुछ और ही मंजूर था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News