अब भ्रष्टाचार विरुद्ध बोलने लायक नहीं रही दागियों को टिकट देने वाली कांग्रेस : मान

punjabkesari.in Thursday, Apr 04, 2019 - 12:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (रमनजीत): आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रधान भगवंत मान ने कांग्रेस की ओर से जालंधर से संतोख सिंह चौधरी और चंडीगढ़ से पवन बंसल को टिकट देने पर कहा कि भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरैंस’ की बातें करने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी अब भ्रष्टाचार विरुद्ध बोलने लायक नहीं रहे।

यहां जारी बयान में मान ने कहा कि शिअद-भाजपा की तरह कांग्रेस का भी भ्रष्टाचार के साथ नाखुन-मांस का रिश्ता रहा है। पवन बंसल और संतोख सिंह चौधरी को टिकट देकर राहुल गांधी ने भी कांग्रेस की भ्रष्टाचार विरासत को आगे बढ़ाया है। भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरैंस’ की बातें करने वाले राहुल गांधी और कांग्रेस लीडरशिप ने काम करवाने के बदले सरेआम पैसे मांग रहे जालंधर से मौजूदा सांसद संतोख सिंह और डा. मनमोहन सरकार में रेल मंत्री होते हुए 90 लाख रुपए के ‘रेलगेट’ स्कैंडल में फंसे पवन बंसल को टिकटें देकर राहुल गांधी ने साबित कर दिया कि जुमलेबाजी में वह (राहुल) भी अमित शाह-मोदी की जोड़ी से कम नहीं।

मान ने कहा कि विडम्बना यह है कि जिस समय राहुल गांधी की तरफ से चौधरी और बंसल को दिल्ली में टिकटों के साथ नवाजा गया, ठीक उसी दिन टैक्स चोरी और विदेशों में कई चल-अचल संपत्तियों की जानकारी छिपाने के आरोपों में मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह और उनके पुत्र रणइंद्र सिंह को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की तरफ से 24 अप्रैल को अदालत में तलब करने की खबरें अखबारों में सुर्खियां बनी हुई थीं। इससे यह साबित हो गया कि कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार मुद्दा नहीं है और न ही भ्रष्टाचारियों से कोई एलर्जी है।

Vatika