AAP ने बहबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड पर कैप्टन से पूछे 10 सवाल

punjabkesari.in Saturday, May 01, 2021 - 01:30 PM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह से बहबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड पर 10 सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में बसे पंजाबी और नानक नाम लेवा संगत को सवालों का जवाब दें। आप पार्टी ने कहा कि 2017 में कैप्टन ने गुटखा साहिब की शपथ लेकर पंजाब के लोगों से वायदा किया था कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी और बहबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड के दोषियों को सरकार आने के बाद सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। लेकिन आज तक दोषियों को सजा नहीं दी गई। आप के वरिष्ठ नेता और विधायक कुलतार सिंह संधवां ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में कै. अमरेंद्र सिंह से 10 सवाल पूछे और जवाब देने की की मांग की।

इन सवालों का मांगा जवाब
1.क्या कै. अमरेंद्र सिंह पंजाबियों और नानक नाम लेवा संगत के सामने स्वीकार करेंगे कि किस मजबूरी या सौदेबाजी के कारण उन्होंने आज तक दोषियों को सजा नहीं दी? हालांकि अब लोगों को पूरी स‘चाई समझ में आ गई है, लेकिन मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि जांच कमीशन और एस.आई.टी. बनाने के बावजूद अभी तक न्याय क्यों नहीं मिला?
2. बहबल कलां और कोटकपूरा में किसके आदेश से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने वाले लोगों पर गोली चलाई गई?
3.क्या संगत को गुरु के अपमान के खिलाफ शांतिपूर्वक विरोध करने और न्याय पाने का संवैधानिक अधिकार नहीं है?
4.तत्कालीन गृह मंत्री और उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल यह बताने से क्यों भागते हैं कि किसके आदेश पर 182 पुलिस व अधिकारी अक्तूबर 2015 में रातोंरात कोटकपूरा पहुंचे थे? गृह मंत्री होने के नाते अब कै. अमरेंद्र सिंह को यह बात स्पष्ट करनी चाहिए।
5.तत्कालीन बादल सरकार ने घायलों का इलाज नहीं करवाया और एम.एल.आर. नहीं काटी और उन्हें रिकॉर्ड पर नहीं लाया। क्या कैप्टन बताएंगे कि इलाज और न्याय के लिए भटक रहे पीड़ितों के लिए उन्होंने क्या ठोस कदम उठाए हैं?
6. बादल राज में आग लगाने वाली पुलिस को अज्ञात पुलिस घोषित किया गया। कैप्टन 4 साल में उन अज्ञात पुलिसकर्मियों की पहचान भी नहीं कर पाए तो क्या उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने का हक है?
7.जिन पुलिसकर्मियों द्वारा पुलिस ने गोली चलाती दिखाई है, वे अपने बयानों में स्पष्ट रूप से इनकार कर रहे हैं, फिर संगत पर गोली किसने चलाई?
8.मौके के सी.सी.टी.वी. फुटेज क्यों डिलीट किए गए? पुलिस द्वारा बुलाए फोटोग्राफरों के वीडियो और फोटो क्यों हटाए गए व अभी तक इस मामले की पूरी जांच क्यों नहीं की गई?
9.कुंवर विजय प्रताप सिंह के अलावा अन्य अधिकारी जो एस.आई.टी. के सदस्य थे, ने हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता द्वारा लगाए आरोपों का विरोध क्यों नहीं किया? जब उन्होंने विरोध नहीं किया, तो सरकार ने नोटिस क्यों नहीं लिया? क्या इस तरह से याचिकाकर्ता को दी गई मदद एस.आई.टी. के सदस्यों और कैप्टन के बीच मैच फिकिं्सग के कारण नहीं दी गई?
10. पंजाब पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन को उठाने का कारण कोटकपूरा में सामान्य यातायात प्रभावित होना था। क्या कारण उचित है? हमारे किसान भी महीनों से हाईवे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस अर्थ में तो पंजाब पुलिस कहीं भी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाएगी?

Content Writer

Vatika