AAP ने किया 4 सीटों पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 07:37 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब में मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्य में चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। आप के प्रदेश प्रमुख एवं संगरूर से सांसद भगवंत मान ने बताया कि पार्टी के चार स्वयंसेवियों को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया कि गुरधियान सिंह मुल्तानी मुकेरियां सीट से, जबकि संतोष कुमार फगवाड़ा (सुरक्षित) सीट से उम्मीदवार होंगे। 

मान ने बताया कि महिन्दर सिंह को जलालाबाद और अमनदीप सिंह मोही को ढाखा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। इन चारों रिक्त विधानसभा सीटों पर 21 अक्तूबर को उपचुनाव होगा। विधायक सोमप्रकाश और सुखबीर सिंह बादल के क्रमश: होशियारपुर और फिरोजपुर लोकसभा सीटों से निर्वाचित होने के बाद फगवाड़ा और जलालाबाद विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। ढाका विधानसभा सीट तब रिक्त हो गई थी जब पूर्व आप विधायक एवं उच्चतम न्यायालय के जाने माने वकील एच एस फुल्का का इस्तीफा पिछले महीने पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया था। वहीं, मुकेरियां सीट पिछले महीने कांग्रेस विधायक रजनीश कुमार बब्बी के निधन के बाद खाली हो गई थी। 

Vatika