‘आप’ का पंजाब में आधार नहीं, कांग्रेस का होगा दिल्ली जैसा हाल : मनोरंजन कालिया

punjabkesari.in Tuesday, Feb 18, 2020 - 11:42 AM (IST)

लुधियाना(गुप्ता): भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को लोग परख चुके हैं। अब पंजाब में ‘आप’ का कोई आधार नहीं है, जबकि पंजाब में सभी मोर्चों पर बुरी तरह से फेल साबित हुई कांग्रेस सरकार का हाल दिल्ली जैसा होगा।

पंजाब भाजपा की कार्यकारिणी के सदस्य अरुणेश मिश्रा के निवास स्थान पर ‘पंजाब केसरी’ से बातचीत में मनोरंजन कालिया ने कहा कि लुधियाना व पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सी.ए.ए. के विरोध में कांग्रेस सरकार प्रायोजित धरने प्रदर्शन हो रहे हैं, जिसका एक मात्र उद्देश्य कांग्रेस सरकार की विफलता से ध्यान हटाना व मोदी सरकार के विरुद्ध लोगों को भ्रमित करना है। सी.ए.ए. नागरिकता देने का कानून है, नागरिकता लेने का नहीं। इस कानून से भारत के मुस्लिम समाज को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। केंद्र में सत्ता जाने की छटपटाहट में कांग्रेस पार्टी सी.ए.ए. के विरुद्ध मुस्लिमों को भ्रमित कर रही है, जबकि देशवासी सी.ए.ए. का जमकर समर्थन कर रहे हैं। 

कालिया ने कहा कि कांग्रेस के विधायक व मंत्री सरेआम कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री के पास उनकी बात सुनने के लिए समय नहीं है। पंजाब में अवैध खनन बढ़ रहा है और पंजाब की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी भी उपस्थित थे।

Vaneet