आतंकवाद के बाद सबसे बुरे दौर से गुजर रहा पंजाब! कानून व्यवस्था बनाए रखने में AAP सरकार फेल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 03:13 PM (IST)

कपूरथला (भूषण, महाजन, मल्होत्रा): करीब 4 वर्ष पहले प्रदेश को नशा व अपराध मुक्त बनाने के वायदे के साथ सत्ता संभालने वाली ‘आप’ की सरकार जहां प्रदेश में लॉ एंड आर्डर को संभालने में पूरी तरह से असफल साबित हुई है। वहीं इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू तो यह है कि आम आदमी पार्टी में बड़े स्तर पर संदिग्ध छवि वाले व्यक्तियों व अपराधिक तत्वों के घुसने के कारण पुलिस इन समाज विरोधी तत्वों को पकड़ने में पूरी तरह से असहज नजर आ रही है। जिसके कारण ही प्रदेश में अपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है।

गौरतलब है कि विपक्ष में रहते हुए आम आदमी पार्टी ने पिछली सरकारों द्वारा समाज विरोधी तत्वों को बढ़ावा देने के आरोप लगाते हुए अपनी सरकार आने पर नशा व गैर-कानूनी कारोबार में लगे अपराधिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ी मुहिम चलाने का ऐलान किया था। सत्ता में आते ही सरकार के इस कदर तेवर बदले कि पंजाब गैंगस्टरों, गुंडातत्वों तथा ड्रग माफिया के चुंगल में पूरी तरह से फंस गया। जिस दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार ने प्रदेश को गुंडातत्वों से मुक्त करवाने के लिए कई तरह की मुहिम भी चलाई। जिसमें आप्रेशन प्रहार भी शामिल था। पिछले दिनों प्रदेश भर में लांच किए गए।

आप्रेशन प्रहार का मक्सद समाज में फिरौती व गुंडागर्दी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर जबरदस्त दहशत फैलाने वाले गैंगस्टरों तथा खतरनाक अपराधियों को गिरफ्तार कर जहां जेल की सलाखों के पीछे डालना था।

वहीं ऐसे अपराधियों को लेकर जनता को एक संदेश भी देना था, लेकिन आप्रेशन प्रहार के दौरान पुलिस का टारगेट केवल वहीं छोटे-मोटे अपराधी रहे जो जेलों से जमानतों पर बाहर आए हुए थे, लेकिन इस पूरी मुहिम के दौरान हत्या, फिरौती तथा जबरी वसूली जैसे अतिगंभीर मामलों में लंबे समय से जेलों में बंद रह कर बाहर निकले अपराधियों को काबू करने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।

इनमें से कई गैंगस्टर तो बेहद भारी संख्या में ड्रग व हथियारों के साथ पकड़े जा चुके हैं। लेकिन इनके संबंध कई बड़े राजनीतिक नेताओं से होने के कारण इनको आप्रेशन प्रहार के दौरान छुआ भी नहीं गया। जिसके कारण यह पूरी मुहिम महज कागजों तक सीमित रह गई।

वर्णनीय है कि प्रदेश भर में ऐसे कई अपराधी पिछले कई दिनों के दौरान गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनका संबंध सत्ताधारी पार्टी से था। जिसका सबसे बड़ा उदाहरण एन.सी.पी. द्वारा तरनतारन जिले में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक सरपंच से करोड़ों रुपए की हैरोइन बरामदगी का भी सामने आ चुका है, जिसके तार आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं से जुड़े बताए जाते हैं। 

वर्तमान दौर में गैर-कानूनी कारोबार में लगे कई बड़े गैंगस्टरों के संबंध सत्ताधारी पार्टी से होने के कारण प्रदेश भर में पुलिस ऐसे अपराधिक तत्वों पर हाथ डालने से गुरेज कर रही हैं। जिसके कारण ही वर्तमान दौर में पंजाब आतंकवाद के बाद से सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है तथा आम लोग सड़कों पर घूम रहे खतरनाक अपराधियों तथा गुंडातत्वों के रहमो-कर्म पर निर्भर रहने पर मजबूत हैं, जो कहीं न कहीं पंजाब के आर्थिक ढांचे को तबाह करने में भी बड़ी अहम भूमिका निभा रहा है।

प्रदेश में अपराधिक तत्वों के बढ़ते प्रभाव के कारण बड़े कारोबारी पंजाब में नए कारोबार में निवेश करने से डरने लगे हैं। कई कारोबारियों ने तो अपने कारोबार भी दूसरे प्रदेशों में शिफ्ट करने शुरु कर दिए हैं, ताकि अपने परिवारों तथा बच्चों के भविष्य को बचाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News