AAP विधायक तनखैया घोषित, अकाल तख्त ने क्यों लिया एक्शन, जानें
punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 06:30 PM (IST)
अमृतसर/लुधियाना: पायल से AAP विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। श्री अकाल तख्त साहिब ने उन्हें तनखैया घोषित कर दिया है। साथ ही सिख संगत को उनसे दूरी बनाने को भी कहा गया है।
अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, ग्यासपुरा पर श्री हरमंदिर साहिब के सेवादारों के खिलाफ जातिगत भेदभाव के आरोप लगाने और सिख संस्थाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है। उनके बयानों को सिख संगत की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना गया है, जिसके बाद उक्त फैसला सुनाया गया है।
दरअसल 12 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी के कुछ विधायक और नेता श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे थे। इस दौरान पहले जारी आदेश के तहत मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को सचिवालय में प्रवेश करने से रोक दिया गया था। इसके बाद उन्होंने सेवादारों पर जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए। जबकि अकाल तख्त साहिब ने अपने आदेश में कहा कि उस दिन जातिगत भेदभाव जैसी कोई घटना नहीं हुई थी और ग्यासपुरा ने जानबूझकर इस मुद्दे को उठाया। इसी मामले को गंभीर मानते हुए उन्हें तनखैया घोषित करने का फैसला लिया गया।

