‘आप’ सांसद द्वारा गमाडा में भ्रष्टाचार स्वीकार करना मान सरकार की नाकामी का सबूत: ढिल्लों

punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 08:17 PM (IST)

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गमाडा में फैले भ्रष्टाचार की पोल अब उनके अपने ही सांसद ने खोल दी है। ‘आप’ सांसद द्वारा गमाडा में रिश्वतखोरी और अफसरशाही की लूट का कबूलनामा इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि मान सरकार पूरी तरह भ्रष्ट कार्यप्रणाली में डूबी हुई है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि गमाडा में भ्रष्टाचार को आम आदमी पार्टी के सांसद द्वारा स्वयं स्वीकार करना सरकार की भ्रष्ट कार्यप्रणाली का स्पष्ट प्रमाण है। केवल गमाडा में ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में भ्रष्टाचार का नंगा नाच चल रहा है। इस भ्रष्टाचार और लूट-खसोट ने पंजाब के आम लोगों, व्यापारियों और गरीबों की कमर तोड़कर रख दी है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य की तहसीलों में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने खनन से 20 हजार करोड़ रुपये सरकारी खजाने में आने का दावा किया था, लेकिन यह राजस्व केवल 600 करोड़ रुपये तक ही रहा। बाकी 19 हजार 400 करोड़ रुपये कहां गए, इसके बारे में पंजाब के लोग भली-भांति जानते हैं।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करने वाली ‘आप’ सरकार को जवाब देना चाहिए कि जब उनके अपने सांसद ही सरकारी संस्थानों को लूट का अड्डा बता रहे हैं, तो ऐसी सरकार को नैतिकता के आधार पर सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह जाता।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार की इस लूट और भ्रष्टाचार का हिसाब पंजाब की जनता लेगी और 2027 में इस कट्टर बेईमान सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor