दिल्ली दंगों में ‘आप’ की भूमिका संदिग्ध: सुखबीर

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2020 - 08:33 AM (IST)

बरनाला(विवेक सिंधवानी, गोयल): दिल्ली दंगों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। आम आदमी पार्टी का किरदार ही घटिया है। यह शब्द शिअद के प्रधान व पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नगर कौंसिल के अध्यक्ष संजीव शोरी के घर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। 

उन्होंने कहा कि मालेरकोटला कांड में भी एक आम आदमी पार्टी के नेता का नाम आया था। दिल्ली के दंगों में आप की भूमिका संदिग्ध है। उसके एक नेता के घर से भारी मात्रा में असला बरामद हुआ है। टकसाली नेताओं पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में से निकले टकसाली नेताओं की पहले भी जमानतें जब्त हुई हैं अब भी होंगी। अब ढींडसा परिवार भी इनकी श्रेणी में शामिल हो गया है। इस परिवार की भी अब जमानतें जब्त होंगी। अकाली दल को इन नेताओं से कोई फर्क नहीं पड़ता। तीसरा या चौथा फ्रंट कुछ भी बना लें इस फ्रंट को पंजाब के लोग मुंह नहीं लगाएंगे। 

कांग्रेस सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री झूठ बोल रहे हैं कि पंजाब का खजाना भरना शुरू हो चुका है। यदि खजाना भरना शुरू हो चुका है तो यह पैसे बांटते क्यों नहीं। पंजाब में सारे विकास कार्य रुके हुए हैं। 3 वर्षों में कांग्रेस सरकार ने पंजाब का बेड़ा गर्क करके रख दिया है। इस मौके पर भट्ठा एसो. के पूर्व अध्यक्ष राजीव वर्मा रिंपी, एडवोकेट रूपिन्द्र संधू, क्षेत्र भदौड़ के इंचार्ज सतनाम सिंह राही भी उपस्थित थे। 

Edited By

Sunita sarangal