बिना पार्टी के झंडे के किसान संघर्ष में शामिल होंगे AAP के वर्कर और नेता: मान

punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2020 - 12:44 PM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): आम आदमी पार्टी नेतृत्व ने मोदी सरकार की ओर से किसानों पर थोपे गए काले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदेशभर के किसानों के दिल्ली में जाकर प्रदर्शन करने संबंधी प्रोग्राम में आप वर्करों को शामिल होने के लिए कहा है। आप वर्करों को संघर्ष का हिस्सा बनते वक्त आप पार्टी का झंडा नहीं ले जाने को कहा गया है। 

जारी बयान में भगवंत मान ने कहा कि किसान पंजाब के लिए रीढ़ की हड्डी हैं, पंजाब के किसानों के बिना पंजाब को आगे नहीं लेकर जाया जा सकता। उन्होंने कहा किसानों के संघर्ष में शामिल होकर आम आदमी पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर उनके साथ खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों की जायज मांगों को लेकर पहले से ही संघर्ष के मैदान में है और तब तक आराम के साथ नहीं बैठेगी जब तक हमारे अन्नदाता की बात नहीं सुनी जाती। मान ने कहा आम आदमी पार्टी के वर्कर राजनीति से ऊपर उठकर किसानों की जायज मांगों को अपना समर्थन देने की नीयत के साथ संघर्ष में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि 26 और 27 नवम्बर को किसानों के दिल्ली में किए जाने वाले घेराव में आप वर्कर किसानों के काफिलों में शामिल होंगे। उन्होंने वर्करों और पार्टी के अधिकारियों से अपील की है कि पंजाब वासीहोने के नाते किसानों के आंदोलन में शामिल हों, जिससे लोक विरोधी सरकारों को लोगों के संघर्ष के आगे झुकाया जा सके।

Vatika