अमृतसर बम धमाके को लेकर पंजाब पुलिस को के.एल.एफ. पर शक!

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 06:28 PM (IST)

जालंधर(धवन): अमृतसर जिला में राजसांसी के निकट निरंकारी भवन पर हुए आतंकी हमले को लेकर पंजाब पुलिस के आलाधिकारी खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स (के.एल.एफ.) पर शंका की निगाहें लेकर चल रहे हैं। के.एल.एफ. से जुड़े आतंकी हरमीत सिंह की गतिविधियों को खंगालने में राज्य पुलिस के आलाधिकारी जुटे हुए हैं तथा कुछ पुलिस अधिकारियों का मानना है कि निरंकारी भवन पर हुए हमले के पीछे हरमीत सिंह का हाथ होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि 2016-17 में राज्य में सामाजिक-धार्मिक नेताओं की टार्गेट किलिंग के पीछे भी हरमीत सिंह का हाथ था। हरमीत सिंह इस समय पाकिस्तान में है। के.एल.एफ. के पूर्व प्रमुख हरमिन्द्र मिन्टू को पंजाब पुलिस ने 2014 में थाईलैंड से गिरफ्तार किया था। बाद में मिन्टू को नाभा जेल में बंद किया गया था, जहां से उसने फरार होने के भी प्रयास किए थे। उसके बाद के.एल.एफ. की कमान हरमीत सिंह ने अपने हाथों में ले ली थी। 

हरमीत अमृतसर जिले संबंध रखता है। हरमीत सिंह के खिलाफ एन.आई.ए. (राष्ट्रीय जांच एजैंसी) ने भी पंजाब में हुई टार्गेट किङ्क्षलग्स को लेकर केस दर्ज किया हुआ है। हरमीत पिछले कुछ समय से आतंकियों के रूप में नौजवानों को भर्ती करने में लगे हुए हैं। इसके लिए हरमीत ने सोशल मीडिया का सहारा लिया हुआ है। इंटैलीजैंस विंग के अधिकारी भी हरमीत की संलिप्तता को लेकर जांच करने में लगे हुए हैं। अधिकारियों का मानना है कि हरमीत को पाकिस्तान की खूफिया एजैंसी आई.एस.आई. का पूरा समर्थन हासिल है। हरमीत को आई.एस.आई. ने पंजाब में गड़बड़ करवाने की जिम्मेदारी सौंपी हुई है। 

हरमीत ने कश्मीर में सक्रिय कुछ आतंकी संगठनों के साथ भी संपर्क बनाए हुए हैं। जांच दल के अधिकारी भी इस ऐंगल से विचार कर रहे हैं क्योंकि अमृतसर में निंरकारी भवन पर हुए हमले को लेकर जिस ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया था, वह पाकिस्तान में ही उपलब्ध होता है। संभवत: इस ग्रेनेड को कश्मीर के रास्ते कश्मीरी आतंकियों ने पंजाब भेजा होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आतंकी संगठनों द्वारा जब ग्रेनेड पंजाब भेजे जाते हैं तो उसके बारे में वह अपने ‘कोरियर्स’ का सहारा लेते हैं। कोरियर्स को ग्रेनेड संबंधित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश होते हैं। 

मुख्यमंत्री अमरेन्द्र ने भी पाकिस्तान में बैठे संगठनों पर जताई थी आशंका
इस तरह सीधे तौर पर बम धमाके के तार पाकिस्तान के साथ जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने भी कल अमृतसर में निरंकारी भवन पर हुए ग्रेनेड हमले के लिए पाकिस्तान व वहां बैठे आतंकी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया था। मुख्यमंत्री ने आज भी डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा व अन्य अधिकारियों से अमृतसर बम धमाके को लेकर चल रही जांच की प्रगति के बारे में रिपोर्ट हासिल की। आला पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ग्रेनेड फैंकने वाले अभियुक्त जल्द ही गिरफ्त में आ जाएंगे। 


 

Vaneet