दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने एक्टिवा सवार देवरानी-जेठानी को कुचला, दोनों की मौ+त
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 02:53 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): फरीदकोट के सादिक रोड पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं और रोजाना की तरह नहर किनारे लगे नलों से पीने का पानी भरने जा रही थीं।
एक्टिवा को मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार शहीद बलविंदर सिंह नगर निवासी संजना (43) पत्नी मनदीप कुमार और पूजा (49) पत्नी मनोज कुमार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक्टिवा पर सवार होकर सादिक रोड से गुजर रही थीं। जैसे ही वे जहाज ग्राउंड के पास पहुंचीं, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं कई मीटर तक घसीटती चली गईं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रोजाना की तरह पीने का पानी भरने जाते थे दोनों
हादसे के बाद स्विफ्ट कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक महिलाओं के एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों रोजाना की तरह नहर किनारे लगे नलों से पीने का पानी भरने जाती थीं। शुक्रवार सुबह भी वे इसी उद्देश्य से घर से निकली थीं, लेकिन जहाज ग्राउंड के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से फरार आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

