बहन की शादी में बारातियों का Welcome करना भाई को पड़ा महंगा

punjabkesari.in Friday, Mar 05, 2021 - 05:47 PM (IST)

बटालाः बहन की शादी में भाई को बारातियों का स्वागत करना उस समय भारी पड़ गया जब  एक सड़क हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दरअलसल, अलीवाल रोड पर पंज पीर के नजदीक हुए सड़क हादसे में एक तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। 

बारातियों को नाश्ता करवाने के लिए बटाला आना था
जानकारी के अनुसार वरिन्दर ईसा मसीह पुत्र धीरा ईसा मसीह निवासी सपराए नज़दीक कलानौर अपनी बुआ की लड़की के विवाह में शामिल होने के लिए गांव कादियां राजपूतों में आया हुआ था। आज उसकी बहन का विवाह था और बारात गत रात दिल्ली से आकर बटाला में रुकी हुई थी। वरिंद्र और आशु (लड़की की मौसी का लड़का) पुत्र सुक्खा निवासी शास्त्रीय नगर बटाला दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर बारातियों को नाश्ता करवाने के लिए बटाला आ रहे थे। जब दोनों  अलीवाल रोड पर पंज पीर के पास पहुंचे तो एक तेज रफ़्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने वरिन्दर को मृत घोषित कर दिया, जबकि आशु की हालत गंभीर होने के कारण उसे अमृतसर रैफर कर दिया। उल्लेखनीय है कि मृतक का 2 साल पहला विवाह हुआ था। उसका 8 महीने का लड़का भी था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

Content Writer

Vatika