SHO की बेटी की शादी में पत्नी सहित पहुंचे DGP के साथ बड़ा हादसा, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Monday, Feb 13, 2023 - 12:46 PM (IST)

चंडीगढ़: यहां एक शादी समारोह के दौरान हुए हादसे में चंडीगढ़ के डी. जी.पी परवीर रंजन व उनकी पत्नी घायल हो गए। यह हादसा चंडीगढ़ के लेक क्लब में चल रहे शादी समारोह के दौरान हुआ। यहां लगे टेंट तेज हवाओं के कारण खंभों सहित नीचे आ गिरे, जिस दौरान डी. जी.पी. उनकी पत्नी और डी.एस.पी. गुरमुख सिंह घायल हो गए। इसके बाद पूरे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के एस. एच. ओ. सुखदीप सिंह की बेटी की शादी थी और उनकी शादी का निमंत्रण डी. जी.पी. और उनके परिवार को दिया गया था। लेक क्लब में कैटरिंग से लेकर टेंट आदि का प्रबंध बाहरी ठेकेदार से करवाया गया था। खुले में टेंट लगे होने और हवा के तेज दबाव के कारण टेंट उखड़ गया, जिस दौरान डी.जी.पी. उनकी पत्नी और डी.एस.पी. घायल हो गए।

तीनों को तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें पी. जी. आई. रैफर किया गया।   इलाज के बाद डी. जी.पी. और उनकी पत्नी को डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं डी.एस.पी. गुरमुख सिंह को काफी चोट आई हैं। फिलहाल पुलिस इस घटना में लापरवाही के एंगल  को लेकर जांच कर रही है। 

Content Writer

Vatika