कार से भिड़ंत के बाद बलेनो में लगी आग, 17 साल का आकाशदीप जिंदा जला

punjabkesari.in Saturday, Nov 07, 2020 - 09:46 AM (IST)

चंडीगढ़ (संदीप): सैक्टर-28/29 लाइट प्वाइंट पर शुक्रवार सुबह 3.15 बजे एक होंडा सिटी और बलेनो कार में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलेनो कार में आग लग गई। इस हादसे में बलेनो सवार एक युवक की आग में झुलसने से मौत हो गई जबकि 2 अन्य घायल हो गए। उन्हें सैक्टर-32 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी आकाशदीप (17) के तौर पर हुई है। वह नॉन-मैडीकल 12वीं का छात्र था। झुलसने वालों की पहचान बलटाना में किराए पर रहने वाले दलीप और पठानकोट निवासी विशाल के तौर पर हुई है। मौके पर पहुंची इंडस्ट्रीयल एरिया थाना पुलिस ने दोनों कारें कब्जे में लेकर होंडा सिटी कार के चालक सैक्टर-28 निवासी रजनीश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

आग लगते ही अंदर से लॉक हो गई कार 
आकाशदीप, दलीप और विशाल बलेनो कार में सैक्टर-22 से बलटाना जा रहे थे। विशाल कार चला रहा था, दलीप साथ वाली सीट पर और आकाशदीप पिछली सीट पर बैठा था। जैसे ही वे सैक्टर-28, 29 लाइट प्वाइंट पर पहुंचे तो ट्रिब्यून चौक की तरफ से आ रही होंडा सिटी कार के साथ उनकी कार की भिड़ंत हो गई और बलेनो कार में आग लग गई व कार लॉक हो गई। कुछ ही दूरी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने शीशे तोड़ दोनों कारों में सवार युवकों को बाहर निकाला और सैक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया। कार की पिछली सीट पर आग ज्यादा भड़कने के कारण आकाशदीप पूरी तरह से झुलस गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशाल और दलीप भी बुरी तरह से झुलस गए, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बलेनो कार जलकर राख हो गई और होंडा सिटी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। 

Vatika