26 वर्षीय इलैक्ट्रीशियन की तेज रफ्तार बुलेट ने ली जान

punjabkesari.in Thursday, Apr 12, 2018 - 07:50 AM (IST)

जालन्धर  (महेश): बुधवार शाम को करीब 6 बजे जंडूसिंघा निवासी 26 साल के एक इलैक्ट्रीशियन की उसके तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने जान ले ली। कहा जा रहा कि अगर मृतक युवक ने हैल्मेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। मृतक प्रभजोत सिंह उर्फ जोता पुत्र जसविन्द्र सिंह निवासी पत्ती दादू की गांव जंडू सिंघा, थाना मकसूदां, जिला जालंधर अपने गांव से बुलेट मोटरसाइकिल पर जालंधर की ओर आ रहा था। रामा मंडी-होशियारपुर रोड पर एच.डी.एफ.सी. बैंक के सामने हुए उक्त दर्दनाक हादसे के बारे में प्रत्यक्षदॢशयों का कहना था कि प्रभजोत सिंह का मोटरसाइकिल काफी तेज रफ्तार में था जो कि बेकाबू होकर डिवाइडर की ग्रिलों से जा टकराया और सड़क पर गिर पड़ा। गटर के ढक्कन की तरह पड़ा हुआ एक गोल पत्थर उसके सिर में लगने के कारण उसके सिर के चीथड़े उड़ गए। खून से लथपथ पड़ा प्रभजोत पहचाना भी नहीं जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि मृतक प्रभजोत सिंह का शव करीब एक घंटा सड़क पर ही पड़ा रहा लेकिन किसी ने भी उसे वहां से उठाने की कोशिश नहीं की।  


10 नम्बर जूलो के कर्मियों ने दी संबंधित थाने को सूचना 
ढिलवां चौक में नाकाबंदी कर समाज विरोधी तत्वों पर नजर रखने वाली जूलो नम्बर-10 के कर्मी हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भी मृतक प्रभजोत का शव सड़क के बीच ही पड़ा रहा। उन्होंने हादसे की सूचना थाना रामा मंडी को दी, जिसके बाद नंगल शामा पुलिस चौकी के ए.एस.आई. कुलदीप सिंह वहां पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान होने पर पुलिस ने उसके परिवार को सूचना दी।  

 

दोपहर 12 बजे कर ली थी छुट्टी
प्रभजोत के साथ काम करते दीवान व रोहित भी उसकी मौत की सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि प्रभजोत ने आज दोपहर 12 बजे ही यह कहकर छुट्टी कर ली थी कि उसने किसी जरूरी घरेलू काम से कहीं जाना है। प्रभजोत दीवान व रोहित के साथ आशियाना पी.जी. में एल.पी.यू. के नजदीक काम करता था। 


घटनास्थल पर आई म़तक की मां बोली, मुझे छोड़ कैसे जा सकता है मेरा बेटा
प्रभजोत उर्फ जोता की मौत की सूचना मिलते ही उसकी मां निर्मल कौर भी हादसे वाली जगह पर पहुंच गई और वह शव सामने पड़ा होने पर भी वह बेटे की मौत पर विश्वास नहीं कर रही था। उसका कहना था कि उसका बेटा उसे हमेशा के लिए छोड़कर कैसे जा सकता है। वह लोगों व पुलिस की मदद से बेटे को वहां से उठाकर एम्बुलैंस में सिविल अस्पताल ले गई। डाक्टरों द्वारा मृत घोषित करने पर मां को मौत पर विश्वास आया। 

 

छोटा भाई दुबई में, बहनों की हो चुकी है शादी
मृतक प्रभजोत के घर की हालत भी बहुत अच्छी नहीं थी। उसकी मां भी काम करती है और पिता जसविन्द्र सिंह भी मजदूरी करते हैं। प्रभजोत ने अपने छोटे भाई अमृतपाल सिंह को करीब एक साल पहले ही दुबई भेजा था। प्रभजोत की दो बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। प्रभजोत ने अभी शादी नहीं करवाई थी। उसका कहना था कि उसने पहले अपने छोटे भाई अमृतपाल को सैटल करना है।  

 

आज होगा प्रभजोत का पोस्टमार्टम
मृतक प्रभजोत सिंह का वीरवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मामले की जांच कर रहे नंगल शामा पुलिस चौकी के ए.एस.आई. कुलदीप सिंह ने कहा है कि मृतक जोता के शव को सिविल अस्पताल में रखा गया है। अभी मृतक के परिजनों ने कोई बयान भी नहीं दिए हैं।  

Sonia Goswami