लुधियाना में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे आराम कर रहे मजदूर को कंटेनर ने कुचला, मौके पर मौ+त

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 09:09 AM (IST)

लुधियाना, (राज): एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक गरीब दिहाड़ीदार मजदूर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। बंद बॉडी कंटेनर के चालक ने बिना पीछे देखे लापरवाही से गाड़ी को बैक कर दिया, जिसकी चपेट में आने से एक 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। इस मामले में थाना डेहलों ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में मृतक के भाई दीपू ने बताया कि उसका 32 वर्षीय भाई करुणा शंकर, जो बीएसएनएल (BSNL) कंपनी की केबल तारें डालने का काम दिहाड़ी पर करता था। बीती 7 जून  को वह रोजाना की तरह काम पर गया हुआ था। काम के दौरान जब वह थक गया, तो गांव लहरा से गांव घुंगराणा को जाने वाली मुख्य सड़क पर खड़े एक बंद बॉडी कंटेनर (नंबर HR-69-C-4967) के पीछे छांव में बैठकर आराम करने लगा। इसी दौरान कंटेनर का चालक वहां पहुंचा। 

उसने बिना यह सोचे-समझे कि गाड़ी के पीछे कोई हो सकता है और बिना पीछे देखे, लापरवाही व तेज रफ़्तार से कंटेनर को अचानक बैक कर दिया। इससे पहले कि करुणा शंकर को संभलने का मौका मिलता, भारी-भरकम कंटेनर के टायर उसके ऊपर से निकल गए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि करुणा शंकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी चालक घबरा गया और पुलिस के डर से अपने कंटेनर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News