टोल प्लाजा के पास बड़ा हादसा, 200 मीटर तक घसीटती ले गई कार...जांच दौरान उड़े पुलिस के होश

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 01:13 PM (IST)

भवानीगढ़ (विकास मित्तल): टोल प्लाजा के पास बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे पर कालाझाड़ टोल प्लाजा के पास कल देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक टोल प्लाजा कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार ड्राइवर अपनी कार मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

टोल प्लाजा वर्कर्स यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह लाडी ने बताया कि टोल कर्मचारी नरिंदर सिंह निंदी गांव नदमपुर से मोटरसाइकिल पर कालाझाड़ टोल प्लाजा पर ड्यूटी करने आ रहे थे। टोल प्लाजा के पास भवानीगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार मोटरसाइकिल को करीब 200 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इसी बीच मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह पूरी तरह जल गया, जबकि नरिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही टोल प्लाजा के दूसरे कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार मौके पर ही कार छोड़कर भाग गए। यूनियन नेताओं के अनुसार, कार की जांच के दौरान उसमें से कथित तौर पर चूरापोस्त के बैग और अलग-अलग नंबरों वाली 7-8 नंबर प्लेट बरामद होने का दावा किया गया है। टोल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया।

प्रदेश अध्यक्ष लाडी ने नरिंदर सिंह की मौत पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने मामले में जरूरी कार्रवाई नहीं की तो यूनियन संघर्ष करेगी। इस बीच, भवानीगढ़ थाने के SHO इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने कहा कि पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News