Jalandhar : किशनपुरा की जुए की बुक में ‘मशीन का खेल’! 17 लाख हारने के बाद खुला राज
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 10:52 AM (IST)
जालंधर : शहर में जुए की बुक पर मशीनों के जरिए जुआरियों से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। किशनपुरा इलाके में चल रही कथित जुए की बुक में एक युवक से मशीन के जरिए 17 लाख रुपए ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित ने सभी के जाने के बाद सामान हटाकर फर्श के नीचे लगी मशीन का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक कुछ दिन पहले किशनपुरा में जुआ खेलने गया था। शुरुआत में वह 10 लाख रुपए हार गया। इसके बाद उसने वहीं से 7 लाख रुपए ब्याज पर लिए और वह रकम भी हार गया। युवक को शक हुआ कि वह बड़े दांव लगातार हार रहा है, जबकि छोटे दांव जीत रहा था। साथ ही दाना (पासा) भी सामान्य से अधिक उछल रहा था।
शक होने पर सभी लोगों के जाने के बाद उसने दाना फैंकने वाली जगह से सामान हटाया तो फर्श पर गोल निशान दिखाई दिया। आरोप है कि इसके नीचे मशीन फिट कर ऊपर पतला सीमैंट का पलस्तर किया गया था। युवक ने इसकी वीडियो बना ली। बताया जा रहा है कि उक्त जुए की बुक किला मोहल्ला और किशनपुरा निवासी युवकों द्वारा चलाई जा रही है। सूत्रों के अनुसार यहां शराब का भी इंतजाम रहता है। मामले की आधिकारिक पुलिस कार्रवाई की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

