Ludhiana में हिमाचल पुलिस को चकमा देकर आरोपी फरार, तलाश जारी
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 05:44 PM (IST)
लुधियाना (राज) : हिमाचल प्रदेश पुलिस की गिरफ्त से नशा तस्करी का एक शातिर आरोपी पुलिस पार्टी को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को एक नशा तस्करी के मामले की तफ्तीश के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से लुधियाना लाया गया था, जहां मौका पाकर वह पुलिस मुलाजिमों के हाथ से छूटकर भाग निकला। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने हिमाचल पुलिस के एएसआई के बयानों पर फरार आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने की धाराओं के तहत नया केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि वह एच.पी. के जिला कांगड़ा के थाना भवारना में तैनात है। उनके थाने में आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ केस नंबर 130, दिनाक 13-08-2026, एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करी का केस दर्ज हुआ था। उक्त मामले की तफ्तीश और नशे की सप्लाई चेन व कड़ियों को जोड़ने के संबंध में हिमाचल पुलिस की टीम आरोपी राहुल कुमार को लेकर लुधियाना आई हुई थी। एएसआई राकेश कुमार के अनुसार, लुधियाना में जांच-पड़ताल की कार्रवाई के दौरान आरोपी राहुल कुमार ने अचानक पुलिस पार्टी को चकमा दिया और तेजी से भाग निकला।
पुलिस मुलाजिमों ने तुरंत उसका पीछा किया और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भीड़ और गलियों का फायदा उठाकर मौके से गायब होने में कामयाब रहा। घटना के तुरंत बाद हिमाचल पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। लुधियाना पुलिस ने एएसआई राकेश कुमार के बयानों के आधार पर आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लुधियाना और हिमाचल पुलिस की संयुक्त टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

