कांग्रेस नेत्री के पति और देवरानी की हत्या मामले में आरोपी कोर्ट में पेश, भेजा रिमांड पर

punjabkesari.in Friday, Nov 03, 2023 - 04:37 PM (IST)

नूरपुरबेदी  (भंडारी): गांव करतारपुर में कांग्रेस समिति सदस्य के पति और देवरानी की हत्या के मामले में नामजद 6 आरोपियों को आज श्री आनंदपुर साहिब की अदालत में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायाधीश ने उन्हें 6 नवम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। 30 अक्तूबर को समिति सदस्य भोली देवी के पति करम चंद और देवरानी गीता के दोहरे हत्याकांड में स्थानीय पुलिस ने पहले 9 लोगों समेत 10-15 अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया था। जबकि बाद में पुलिस द्वारा बलाचौर इलाके से संबंधित 4 अन्य आरोपियों में शामिल अंकुश, अंशू, हैप्पी और चिराग चीनू को मामले में नामजद किया गया। जिससे इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की संलिप्तता सामने आ चुकी है। इन आरोपियों में से 2 आरोपी नीरज पुत्र जय चंद तथा जसवन्त सिंह को 31 अक्तूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद 1 नवम्बर को पुलिस ने रोहित कुमार, लाडी मंदिर, दीपा जट्ट और रवि कुमार समेत 4 अन्य आरोपियों को हरियाणा राज्य के कुरुक्षेत्र शहर से गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से 32 बोर की 2 पिस्तौल और 5 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस द्वारा बताए गए 13 आरोपियों में से अब तक 6 को गिरफ्तार किया जा चुका है। थाना प्रमुख गुरविंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि उक्त मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों और कल गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों सहित 6 आरोपियों को आज श्री आनंदपुर साहिब की अदालत में पेश किया गया। जिन्हें माननीय न्यायाधीश ने 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।
 

Content Editor

Subhash Kapoor